गणेश चतुर्थी से पहले आंध्र प्रदेश सरकार का बड़ा ऐलान, सभी पंडालों को मिलेगी मुफ्त बिजली

गणेश चतुर्थी से पहले आंध्र प्रदेश सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. राज्य के सभी गणेश पंडालों को मुफ्त बिजली दी जाएगी. इससे पंडाल आयोजकों को बिजली बिल के खर्च से पूरी राहत मिलेगी और उत्सव की भव्यता बढ़ेगी.

Pinterest
Shanu Sharma

गणेश चतुर्थी के पावन पर्व से ठीक पहले आंध्र प्रदेश सरकार ने भक्तों और आयोजकों के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है. राज्य सरकार ने घोषणा की है कि इस वर्ष पूरे आंध्र प्रदेश में गणेश उत्सव के लिए लगाए जाने वाले सभी पंडालों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी. 

शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि यह सुविधा राज्य के हर जिले और हर पंडाल पर लागू होगी. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि पंडाल सजाने वाली समितियों को अब बिजली कनेक्शन, मीटर और बिल भरने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी. 

उत्सव की भव्यता बढ़ाने का उद्देश्य

नारा ने बताया कि हर साल स्थानीय समितियों का बड़ा हिस्सा बिजली खर्च में चला जाता था. अब सरकार के इस कदम से उत्सव की भव्यता बढ़ाने में मदद मिलेगी और आयोजक अपनी पूरी ऊर्जा सजावट व भक्ति कार्यक्रमों पर लगा सकेंगे. सरकार का यह फैसला सिर्फ आर्थिक राहत नहीं, बल्कि गणेशोत्सव को और भव्य बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है.


गली-मोहल्लों में लगने वाले छोटे-बड़े पंडालों के आयोजक अक्सर सीमित बजट में काम करते हैं. बिजली का खर्च कम होने से वे बेहतर रोशनी, सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सकेंगे. आंध्र प्रदेश में गणेश चतुर्थी बड़े उत्साह से मनाई जाती है और यह निर्णय भक्तों के बीच खुशी का माहौल पैदा कर रहा है.  

महाराष्ट्र में भी टोल माफी की सौगात

इसी बीच महाराष्ट्र सरकार ने भी गणेश भक्तों को राहत दी है. लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोंसले ने बताया कि मुंबई से कोंकण की ओर जाने वाले यात्रियों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स नहीं देना होगा. गोवा हाईवे और पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर 11 सितंबर से 27 सितंबर तक टोल वसूली पूरी तरह बंद रहेगी.

इस फैसले से सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और आसपास के इलाकों में अपने पैतृक गांव जाने वाले परिवारों को 650 से 700 रुपये तक की बचत होगी. साथ ही टोल प्लाजा पर लगने वाले लंबे जाम से भी मुक्ति मिलेगी. त्योहारी सीजन में सड़क यात्रा आसान बनाने वाला यह कदम भक्तों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा. सरकार के इन फैसलों से गणेश चतुर्थी के दौरान लोग बिना आर्थिक दबाव के अपनी श्रद्धा व्यक्त कर सकेंगे और उत्सव को पूरे जोश के साथ मनाएंगे.