IPL 2026

अहमदाबाद में 10वीं के छात्र की हत्या के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, स्कूल परिसर में तोड़फोड़ के लिए 500 से ज्यादा पर FIR दर्ज

अहमदाबाद में सेवेंथ डे स्कूल में 8वीं क्लास के एक स्टूडेंट ने 10वीं क्लास के स्टूडेंट की चाकू मारकर हत्या की. हॉस्पिटल में स्टूडेंट की मौत हो गई. इस घटना से गुस्साए परिजनों और एनएसआईयू के छात्रों ने स्कूल के बाहर जमकर तोड़फोड़ की.

x
Mayank Tiwari

गुजरात के अहमदाबाद शहर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक प्राइवेट स्कूल में दसवीं कक्षा के छात्र नयन सांतानी की हत्या के बाद शुक्रवार (21 अगस्त) को विरोध प्रदर्शन तेज हो गए. इस दौरान विपक्षी पार्टी कांग्रेस की स्टूडेंट यूनिट, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI), ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संस्थान को बंद करने की मांग की. दरअसल, मंगलवार को एक मामूली विवाद के दौरान आठवीं कक्षा के एक जूनियर छात्र ने नयन को चाकू मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद गुरुवार को भीड़ ने स्कूल परिसर में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों पर हमला किया था.

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट स्कूल के छात्रों और अभिभावकों ने भी प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने स्कूल में बार-बार चोरी, झगड़े और विवादों की घटनाओं का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद स्कूल प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की. एक अभिभावक ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, "लाखों रुपये फीस लेने के बाद आप छात्रों को क्या सिखा रहे हैं? स्कूल कभी जिम्मेदारी नहीं लेता. अगर स्कूल प्रबंधन ने समय पर उचित कदम उठाए होते, तो यह हत्या नहीं होती."

 सोशल मीडिया पर वायरल हुई चैट

आरोपी ने अपने दोस्त के साथ इंस्टाग्राम चैट में हत्या की बात कबूल की. वायरल चैट में उसका दोस्त उसे सलाह देता है कि वह कुछ दिनों के लिए "अंडरग्राउंड" हो जाए.  स्कूल प्रशासन ने तोड़फोड़ के संबंध में शिकायत दर्ज की है, जिसमें 500 से अधिक लोगों पर दंगा, हमला और नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं.