प्राइवेट पार्ट में छिपाकर ला रही थी 83 लाख का सोना, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ी गई 'गोल्डन लेडी'
अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने कुआलालंपुर से आई एक महिला को 83.29 लाख रुपये के सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है. महिला ने सोने को पेस्ट के रूप में अपने निजी अंगों में छिपा रखा था.
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने तस्करी के एक बेहद चौंकाने वाले मामले का भंडाफोड़ किया है. अधिकारियों ने कुआलालंपुर से आई एक महिला यात्री को करीब 83.29 लाख रुपये मूल्य के सोने की तस्करी करने के आरोप में पकड़ा है. इस मामले की सबसे हैरान कर देने वाली बात वह तरीका था, जिससे महिला सोने को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी.
कस्टम अधिकारियों को पहले से ही इस संबंध में विशेष खुफिया जानकारी प्राप्त हुई थी. इसी आधार पर यात्री की प्रोफाइलिंग की गई और जैसे ही वह 'ग्रीन चैनल' के माध्यम से बाहर निकलने का प्रयास कर रही थी, उसे रोक लिया गया. अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला काफी घबराई हुई थी और किसी भी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रही थी, जिसके बाद उसकी गहन जांच करने का निर्णय लिया गया.
निजी अंगों में छिपाए थे सोने के कैप्सूल
विस्तृत जांच के दौरान अधिकारियों की आंखें तब फटी की फटी रह गई, जब महिला के निजी अंगों से काले टेप में लिपटे दो अंडाकार कैप्सूल बरामद हुए. इन कैप्सूलों के भीतर तरल रासायनिक पेस्ट के रूप में सोना भरा गया था. तस्करी का यह तरीका न केवल गैर-कानूनी था, बल्कि महिला की जान के लिए भी जोखिम भरा हो सकता था. जब्त किए गए इस संदिग्ध पदार्थ का कुल वजन 643.28 ग्राम दर्ज किया गया है.
शुद्धिकरण के बाद निकला 24 कैरेट सोना
जब्त किए गए पेस्ट से सोना अलग करने के लिए विशेषज्ञों की उपस्थिति में एक विशेष शुद्धिकरण प्रक्रिया अपनाई गई. इस प्रक्रिया के अंत में 999 शुद्धता वाला कुल 553.07 ग्राम (24 कैरेट) शुद्ध सोना प्राप्त हुआ. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद सोने की अनुमानित कीमत 83,29,234 रुपये बताई जा रही है, जिस पर लगभग 75,58,393 रुपये की टैक्स देनदारी बनती है.
कानूनी शिकंजा और जांच का दायरा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्री ने सीमा शुल्क घोषित किए बिना सोने को छिपाकर ड्यूटी चोरी करने का जानबूझकर प्रयास किया था. फिलहाल, सोने को जब्त कर लिया गया है और महिला को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है. विभाग अब इस बात की तहकीकात कर रहा है कि क्या यह महिला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा है.
और पढ़ें
- भारत बना चिप पावरहाउस! PM मोदी ने ₹3,300 करोड़ के मेगा सेमीकंडक्टर प्लांट का किया उद्घाटन, रोज बनेगी 63 लाख यूनिट्स
- सूरत में साड़ी पैकिंग के दौरान भड़की आग, जहरीले धुएं से 4 महिलाओं और एक मासूम की गई जान
- 'अब और चुप्पी नहीं', ट्रेन में महिला के साथ हुई शर्मनाक हरकत; पीड़िता ने वीडियो शेयर कर बताई आपबीती