अग्निवीरों को बड़ी राहत: अब 4 नहीं, 6 साल तक कर सकेंगे नौकरी, 25% को स्थायी करने का नियम बरकरार
केंद्र सरकार ने अग्निवीरों की सेवा अवधि चार से बढ़ाकर छह साल करने का ऐलान किया है. हालांकि, 25 प्रतिशत अग्निवीरों को स्थायी करने का नियम बरकरार रहेगा.
अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर है. अब वे चार साल के बजाय छह साल तक सेना में सेवा दे सकेंगे. चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को इसकी घोषणा की. हालांकि, दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पाने के लिए अग्निवीरों को तय चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा.
25% अग्निवीरों को स्थायी करने का नियम बरकरार
नई व्यवस्था में पहले की तरह प्रत्येक बैच के 25 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा. बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार मिलेगा. इस दौरान उन्हें पहले से ज्यादा वेतन और भत्ते भी दिए जाएंगे. यह विस्तार अग्निवीरों की सहमति से होगा.
Also Read
देश में 3.18 लाख अग्निवीर दे रहे सेवा
फिलहाल भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना में करीब 3.18 लाख अग्निवीर कार्यरत हैं. आंकड़ों के मुताबिक, 31 दिसंबर तक पहले बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला था. ये पहले बैच में भर्ती हुए 24,400 अग्निवीरों का लगभग 75 प्रतिशत हैं.
वायुसेना ने 712 अग्निवीरों को चुना
पहले की योजना के तहत नवंबर के मध्य से 75 प्रतिशत अग्निवीरों को चरणबद्ध तरीके से सेवा से बाहर किया जाना था. लेकिन नई व्यवस्था से उन्हें दो साल और नौकरी करने का मौका मिलेगा. वहीं, पिछले महीने भारतीय वायुसेना ने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 प्रशिक्षुओं में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला किया था.