'AAP अब INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं', सांसद संजय सिंह का ऐलान; विपक्षी एकता को लगा बड़ा झटका
इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले आम आदमी पार्टी ने खुद को गठबंधन से अलग बताया है. राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि AAP अब INDIA ब्लॉक का हिस्सा नहीं है. वहीं, पार्टी ने कांग्रेस पर सहयोगी दलों और युवाओं के मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा.
नई दिल्ली: दिल्ली में 8 जून को प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक से पहले आम आदमी पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि आम आदमी पार्टी अब इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है.
रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सिंह ने कहा कि चूंकि उनकी पार्टी अब गठबंधन का हिस्सा नहीं है, इसलिए उसके आंतरिक मामलों या बैठकों पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दल ही आगे की रणनीति और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे.
आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब भी किसी राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा बनती है, उसका मुख्य उद्देश्य खुद को राजनीतिक रूप से मजबूत करना होता है, न कि देशहित को प्राथमिकता देना.
Also Read
युवाओं के मुद्दे पर उठाए सवाल
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि हाल के घटनाक्रमों में कांग्रेस का रुख युवाओं के हितों के अनुरूप नहीं दिखा. उनका कहना था कि जिस पार्टी की नीतियां युवाओं के हितों के खिलाफ नजर आएं, उसके साथ खड़ा होना मुश्किल है.
सहयोगी दलों के साथ व्यवहार पर भी टिप्पणी
आप प्रवक्ता ने कांग्रेस के सहयोगी दलों के साथ संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल के साथ भरोसेमंद व्यवहार नहीं किया. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी कटाक्ष किया.