यूपी-बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी, दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज; यहां देखें IMD का अलर्ट

आज, 8 जून 2026 को मौसम विभाग की ओर से कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि कुछ राज्यों आज उमस भरी गर्मी महसूस हो सकती है.

ANI
Shanu Sharma

देश के अधिकांश राज्यों में इन दिनों मौसम का दोहरा चेहरा देखने को मिल रहा. दिन में तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं शाम ढलते ही कई क्षेत्रों में आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक आज भी कुछ ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है.

IMD की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक देश के कई हिस्सों में आज तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. तापमान में गिरावट आने के कारण लोगों को राहत मिलेगी. आइए जानते हैं कैसा रहेगा आज का मौसम.

दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में मौसम का हाल

राजधानी दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में रविवार को हल्की बारिश हुई. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास हुई जोरदार बारिश ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी. मौसम विभाग के अनुसार भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. आज भी कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है, हालांकि धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होगी. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

मौसम विभाग ने आजमगढ़, मऊ, देवरिया, जौनपुर, वाराणसी और गोंडा सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. बिहार में भी आज कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. सारण, बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद और रोहतास समेत कई जिलों में आज से लेकर अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है. राजस्थान में अब आंधी-बारिश का सिलसिला थम सकता है और धीरे-धीरे तापमान बढ़ने  की संभावना है. हालांकि कुछ जिलों में 11 जून तक हल्की बारिश हो सकती है.

दक्षिण में भारी बारिश के अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भी इस हफ्ते तक मौसम ठंडा रहने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी. दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का अनुमान है. केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु समेत अन्य राज्यों में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने आमजन से अपील की है कि मौसम संबंधी अलर्ट वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें.