मानसून का रौद्र रूप, 12 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट; पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा
भारतीय मौसम विभाग ने 6 अगस्त के लिए उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. कई राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
देशभर में मानसून एक बार फिर से तेज हो गया है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मानसूनी ट्रफ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर, पूर्व, मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी.
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के 12 राज्यों सहित कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. कई स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी बनी हुई है.
Also Read
- बुधादित्य राजयोग से कई राशियों के खुलेंगे तरक्की के रास्ते, जानें किसे मिलेगा धन लाभ और किसे बरतनी होगी सावधानी
- शाकिब अल हसन के घर में तोड़फोड़ और आग लगाने की कोशिश, हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हमला
- Kal Ka Mausam 6 August 2026: यूपी-Delhi समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का खतरा, IMD ने जारी की बड़ी चेतावनी
पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार का सीमांचल क्षेत्र, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय जिले, दिल्ली एनसीआर, पंजाब के कई हिस्से तथा पश्चिम बंगाल और झारखंड के अनेक जिलों में मौसम सबसे अधिक प्रभावी रहने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका है.
इन राज्यों का मौसम अपडेट
राजधानी दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रहने के साथ कई दौर की बारिश हो सकती है. तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. उत्तर प्रदेश में पश्चिमी, मध्य और पूर्वी जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. सहारनपुर, मेरठ, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, बहराइच और कुशीनगर समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है.
बिहार के सीमांचल और उत्तर बिहार के जिलों में मूसलाधार बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं झारखंड के उत्तरी और मध्य जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चंपावत, टिहरी और पिथौरागढ़ तथा हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और चंबा में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है.
मौसम विभाग ने दी सलाह
राजस्थान के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों तथा मध्य प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी जिलों में भी गरज चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. जम्मू कश्मीर के जम्मू, श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, डोडा और किश्तवाड़ में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. पंजाब के होशियारपुर, मोहाली, पटियाला, लुधियाना और अमृतसर सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है.
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न रुकने की अपील की है. प्रशासन भी संवेदनशील इलाकों में निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.