Holi 2026

होली से पहले बदल रहा मौसम का मिजाज? इन 5 राज्यों में बारिश का अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी

होली में मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

ANI
Shanu Sharma

होली से ठीक पहले मौसम विभाग ने मौसम में बदलाव का अनुमान लगाया है. भारत के उत्तर और पश्चिम इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का एहसास बढ़ने की उम्मीद है, जबकि कुछ पूर्वी और पहाड़ी इलाकों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

IMD ने चेतावनी दी है कि इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जिसके कारण होली का मजा थोड़ा खराब हो सकता है. अपडेट के मुताबिक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी तूफान के साथ बारिश की आशंका जताई गई है. 

दिल्ली-एनसीआर में क्या रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ में गरज और चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. विशेष रूप से पूर्वी राज्यों के लोगों को में मौसम विभाग ने सतर्क रहने की अपील की है. उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी, जिससे धूल उड़ने की स्थिति बन सकती है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होली का दिन काफी हद तक सामान्य रहने का अनुमान है. मौसम साफ रहेगा, लेकिन तेज हवाएं चल सकती है. जिससे सुबह के समय थोड़ी सर्दी महसूस हो सकती है.दोपहर के समय धूप में तेज होगी और तापमान में बढ़ोतरी महसूस हो सकती है. दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है. जिससे होली खेलने वाले लोगों को राहत मिलेगी.

यूपी में होली के दिन होगी बारिश?

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है. गोरखपुर, देवरिया, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़ और मिर्जापुर में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी. वहीं मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, मुरादाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, बरेली, सहारनपुर, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या और प्रयागराज में तेज धूप की वजह से लोगों को  ज्यादा गर्मी महसूस होगा. बिहार में होली का मौसम सामान्य रहेगा, बारिश की कोई संभावना नहीं दिख रही है. हालांकि कुछ जिलों में तेज हवाएं लोगों की परेशानी को बढ़ा सकती है. लोगों को धूल से बचाव के लिए मास्क या गीले कपड़े का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है. वहीं राजस्थान वालों के लिए भी होली सूखी रहने वाली है. बारिश की कोई आशंका नहीं है. वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु के जिलों में तापमान तेजी से बढ़ेगा. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.