दिल्ली-यूपी समेत 20 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट, 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
आज मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है. ऐसे में घर से बाहर निकलने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ तूफान की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार आगामी घंटों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है और कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी का असर देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और असम सहित करीब 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि कुछ इलाकों में हवाओं की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में मौस का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार से मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई देने लगे हैं. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है. उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. लखनऊ समेत कई शहरों में तापमान ऊंचा रहने की संभावना है, लेकिन पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान लगाया गया है.
Also Read
बिहार के कई जिलों में भी तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. विभाग का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ सकता है. राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है.
पहाड़ों में मौसम का हाल
पर्वतीय राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, शिमला, कुल्लू और कांगड़ा जैसे क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है.