यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम?
देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. भारत मौसम विभाग ने उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. यूपी, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल और राजस्थान समेत 15 राज्यों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और जलभराव की आशंका जताई गई है.
देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई इलाकों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है.भारत मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के अनेक क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी. विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान समेत 15 राज्यों में हल्की से लेकर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई है.
IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर सकते हैं, जबकि खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है.
दिल्ली में उमस के साथ हल्की बारिश की संभावना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज गरज के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. आज अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
Also Read
- France vs England:इज्जत बचाने उतरेगी फ्रांस और इंग्लैंड, जानिए कब, कहां और केसे देख सकेंगे ये मुकाबला
- वोटर लिस्ट अपडेट का मौका, 13 अगस्त तक करें सुधार; 15 सितंबर को जारी होगी अंतिम सूची
- बद्रीनाथ दान चोरी केस: रिटायर्ड मंदिर अधिकारी के घर से मिली विदेशी करेंसी, अदालत ने भेजा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
वहीं, उत्तर प्रदेश में 19 से 24 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या सहित कई जिलों में लगातार वर्षा होने की संभावना है. इसी तरह बिहार के अधिकांश हिस्सों में भी 19 से 24 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने का अनुमान है.
पहाड़ों में रहना होगा सावधान
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मानसून और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदियों के जलस्तर में वृद्धि का खतरा बना रहेगा. जम्मू-कश्मीर में भी 22 जुलाई तक खराब मौसम रहने की संभावना जताई गई है. लोगों को नदी-नालों और पहाड़ी मार्गों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है.
उधर, राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 24 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है. झारखंड के अधिकांश जिलों में भी 23 जुलाई तक व्यापक बारिश होने की संभावना है और कई स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है. आईएमडी ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.