उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, पहाड़ों पर बर्फबारी! 17 अप्रैल को IMD का बड़ा अलर्ट
आज उत्तर भारत में तेज गर्मी पड़ेगी, जबकि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है. दिल्ली-यूपी-राजस्थान में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है. पूर्वोत्तर में भी हल्की बारिश जारी रहेगी.
नई दिल्ली: देशभर में मौसम दो ध्रुवों पर बंटा हुआ नजर आ रहा है. उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है, वहीं पहाड़ी इलाके और पूर्वोत्तर में बारिश और ठंडक बनी हुई है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज यानि 17 अप्रैल को उत्तर के मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश व बर्फबारी के आसार हैं. दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बन सकती है.
उत्तर भारत में चढ़ेगा पारा
उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में शुक्रवार को भीषण गर्मी पड़ेगी. यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है. लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी और पटना जैसे शहरों में दोपहर में हालात काफी गर्म रहेंगे. दिल्ली में भी अधिकतम तापमान 39-40 डिग्री के आसपास रह सकता है. मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में लू चलने की चेतावनी भी दी है. लोग दोपहर में बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतें.
पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 17 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. हिमाचल के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने की आशंका है.
पूर्वोत्तर और मध्य भारत का हाल
पूर्वोत्तर भारत में शुक्रवार को भी हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है. पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे. बिहार के पूर्वी हिस्सों और ओडिशा में भी 17 से 22 अप्रैल तक मध्यम बारिश हो सकती है. मध्य भारत में गर्मी बढ़ रही है. भोपाल, ग्वालियर और विदिशा जैसे शहरों में तापमान चढ़ेगा, हालांकि 19-20 अप्रैल को पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है.
दक्षिण भारत में उमस भरी गर्मी
दक्षिण भारत में मौसम पिछले दिनों जैसा ही बना रहेगा. तटीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन बाकी क्षेत्रों में तेज धूप और उमस वाली गर्मी पड़ेगी. तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री के आसपास रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है.