देश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 17 राज्यों में तूफानी बारिश-आंधी का अलर्ट; यहां जानें मौसम का हाल
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर तेजी पकड़ ली है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मानसून आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कई क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है. इस दौरान 17 राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है.
आज, 16 जून 2026 को IMD ने उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मिजोरम समेत कई राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है.
18 जून को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके प्रभाव से 16 से 21 जून के बीच बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश हो सकती है.
दिल्ली-यूपी में मौसम का हाल
दिल्ली में सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग ने आज 16 जून को धूल भरी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. 18 जून तक आंशिक बादल छाए रहेंगे, हालांकि इसके बाद बारिश कम होकर आंधी का सिलसिला जारी रह सकता है.
Also Read
यूपी में मौसम विभाग ने 16 जून को मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अलर्ट दिया है. लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और लखीमपुर खीरी में आज मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. 17 और 18 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है. 19 जून को पश्चिमी यूपी में बारिश जबकि पूर्वी यूपी में शुष्क मौसम रह सकता है.
इन राज्यों में मानसून का प्रभाव
बिहार में मानसून का असर साफ दिख रहा है. 16 जून से उत्तर और पूर्वी बिहार में भारी बारिश के आसार हैं. किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल और भागलपुर में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है. 19 जून को अररिया, कटिहार, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिमी राजस्थान में 16 जून को 60-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. 19 से 21 जून के बीच बारिश और गरज-चमक के साथ ओले भी पड़ सकते हैं. वहीं हिमाचल प्रदेश में 16 से 21 जून तक कई इलाकों में बारिश का दौर रहेगा. 18-19 जून को आंधी, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का खतरा है.
उत्तराखंड में भी16 से 21 जून तक बारिश जारी रहेगी. 19 जून को गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट है. जम्मू-कश्मीर में भी 16-17 जून को बारिश होगी. 18 से 21 जून के दौरान व्यापक बारिश के साथ आंधी, बिजली और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि संभव है.