दिल्ली से लेकर तमिलनाडु तक मौसम बदलेगा करवट, दो दिनों में इन राज्यों में झमाझम बारिश के साथ गिरेगी बिजली
मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 10 से 13 नवंबर तक देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. जहां दक्षिण भारत में बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं उत्तर और मध्य भारत में ठंड तेजी से बढ़ेगी.
नवंबर का दूसरा हफ्ता देश के मौसम में बड़े बदलाव को लेकर आया है. उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट शुरू हो चुकी है, जबकि दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने नए अपडेट में 13 नवंबर तक तमिलनाडु, केरल, और माहे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, और झारखंड में तापमान लगातार नीचे जा रहा है. आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी की दस्तक और तेज होगी.
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार, तमिलनाडु में 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं केरल और माहे में 10 नवंबर को गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण भारत में सक्रिय उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण कई इलाकों में बिजली गिरने और आंधी जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं.
इन राज्यों में बारिश से तापमान में गिरावट होगी और लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो सकता है. किसानों को सलाह दी गई है कि फसलों को सुरक्षित रखें और जलभराव की स्थिति से सतर्क रहें.
मध्य भारत में बढ़ेगी ठंड
10 से 11 नवंबर के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है. अगले 4-5 दिनों तक इन राज्यों में रात का तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक कम रहने की संभावना है. मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है. छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने और ठंडी हवाओं के कारण दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है.
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में ठंड की दस्तक
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस सप्ताह ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 10 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. सुबह और शाम के समय 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. उत्तर प्रदेश में भी आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने के संकेत हैं. कई जिलों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक घट सकता है. तेज हवाओं के कारण लोगों को सुबह और रात में हल्की ठिठुरन महसूस होगी.
झारखंड में शीत लहर का अलर्ट
झारखंड में मौसम विभाग ने शीत लहर का अलर्ट जारी किया है. लातेहार, पलामू, गढ़वा, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और हजारीबाग जिलों में तापमान में तेज गिरावट की संभावना है. कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है.
बिहार में भी पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के असर से ठंड बढ़ रही है. ग्रामीण इलाकों में सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.