गोगामेड़ी हत्याकांड मामले में एक महिला गिरफ्तार, घर से मिली AK-47 की तस्वीर
करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में एक नया मोड़ आया है. हत्या के अभियुक्त नितिन फौजी को घर में छिपाने के आरोप में एक महिला को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है.
Sukhdev Singh Gogamedi Murder Case: करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में एक नया मोड़ आया है. हत्या के अभियुक्त नितिन फौजी को घर में छिपाने के आरोप में एक महिला को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार महिला का नाम पूजा सैनी बताया जा रहा है जो जयपुर के जगतपुरा में अपने पति महेंद्र कुमार के साथ रहती थी. खबरों के मुताबिक, सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या से पहले एक सप्ताह तक महिला ने नितिन फौजी अपने फ्लैट पर रखा था. नितिन हिसार से टैक्सी लेकर 28 नवंबर को जयपुर पहुंचा था और तब से वह पूजा के फ्लैट पर ही रह रहा था.
पूजा के पति ने उपलब्ध करवाए थे हथियार और पैसे
पुलिस का कहना है कि पूजा का पति महेंद्र कुमार ही वह शख्स था जिसने अभियुक्त नितिन फौजी को हथियार और पैसे उपलब्ध करवाए थे. महेंद्र अपने फोन से नितिन फौजी की रोहित राठौड़ और विरेंद्र चारण से बात भी करवाता था.
पूजा ही बनाती थी नितिन के लिए खाना
जांच में यह भी पता चला है कि नितिन को फ्लैट के एक कमरे में रखा गया था और पूजा ही उसके लिए खाना बनाती थी. घटना से पहले महेंद्र अपनी गाड़ी से नितिन को अजमेर रोड ले गया जहां वह दूसरे शूटर रोहित राठौड़ से मिला और उसे 50 हजार रुपए और हथियार भी दिए. इसके बाद उसने दोनों को बेस्ट ऑफ लक कहते हुए गाड़ी से उतार दिया था.
लॉरेंस विश्नोई का गैंग ऑपरेट करता था महेंद्र
महेंद्र के घर तलाशी के दौरान पुलिस को उसके द्वारा हथियार तस्करी करने और गैंग्स्टर लॉरेंस विश्नोई का गैंग संचालित करने के अहम सबूत मिले हैं. पुलिस ने कहा कि इस बात के भी सबूत मिले हैं कि लॉरेंस विश्नोई गैंग द्वारा जयपुर में दी गई कई गंभीर वारदातों में भी महेंद्र और पूजा ने हथियार सप्लाई करवाए थे.
फ्लैट में मिली एके-47 की तस्वीर
पुलिस ने बताया कि महेंद्र हथियारों का भारी जखीरा लेकर फरार हो गया है जिसकी तलाश जारी है. पुलिस को उसके फ्लैट से फ्लैट में रखी एक एके-47 बंदूक की तस्वीर भी मिली है. पुलिस ने कहा कि राजू ठेहट हत्याकांड में यह बात सामने आई थई कि एके-47 जयपुर में किसी को दी गई है, उन्होंने कहा कि हो सकता है कि यह वही एके-47 हो.
पद्मावत फिल्म के विरोध से चर्चा में आए थे गोगामेड़ी
पंजाब से सटे हनुमानगढ़ जिले के रहने वाले सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राजपूत समाज के एक आक्रामक नेता के रूप में जाने जाते थे.
साल 2017 में आई फिल्म पद्मावत का विरोध करने के चलते वह देशभर में चर्चा में आए थे. जयपुर में फिल्म की शूटिंग के दौरान राजपूत करणी सेना ने फिल्म के सेट पर तोड़फोड़ और विरोध प्रदर्शन किया थी. सेना ने फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर आपत्ति जताई थी.