15 किलो सोना, 5 करोड़ कैश: बंगाल में पूर्व सरकारी बस ड्राइवर के घर से अकूत संपत्ति बरामद
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में एक पूर्व सरकारी बस चालक के घर तलाशी के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी और कई किलो सोना बरामद हुआ है.
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में बुधवार को हुई एक तलाशी कार्रवाई के दौरान एक पूर्व सरकारी बस चालक के घर से 5 करोड़ कैश और 15 किलोग्राम सोना बरामद होने का मामला सामने आया है. बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी अभियान जारी रखा और बरामद नकदी की गिनती शुरू कराई.
पत्थर कारोबारी के घर पहुंची पुलिस
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी की पहचान मीनार मंडल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पत्थर के कारोबार से जुड़े हुए हैं. बताया जा रहा है कि वह स्थानीय कारोबारी तुलु मंडल के रिश्तेदार भी हैं. पुलिस के मुताबिक, मीनार मंडल पहले सरकारी बस चालक के रूप में कार्यरत थे, लेकिन कुछ वर्ष पहले नौकरी छोड़कर अपने रिश्तेदार के साथ पत्थर के व्यापार में सक्रिय हो गए थे.
Also Read
नोट गिनने के लिए मंगवाई गई मशीनें
तलाशी के दौरान इतनी अधिक नकदी मिली कि उसकी गिनती के लिए कई नोट गिनने की मशीनें और बड़े ट्रंक मौके पर मंगवाने पड़े. पुलिस सूत्रों का कहना है कि नोटों की गिनती देर शाम तक जारी रही.
जांच एजेंसियां खंगाल रही हैं लेन-देन
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना कहां से आया और क्या इसका संबंध किसी अवैध वित्तीय गतिविधि से है. जांच के तहत कारोबारी के वित्तीय लेन-देन, आय के स्रोत और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पूरे इलाके में हो रही चर्चा
कार्रवाई के दौरान घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. मौके से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में अधिकारियों को लगातार तलाशी लेते और बरामद सामान को सुरक्षित करते देखा गया. फिलहाल पुलिस ने बरामदगी की अंतिम राशि या सोने की सटीक मात्रा का खुलासा नहीं किया है. जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है.