नेपाल, चीन और भूटान में महसूस हुए 5.3 तीव्रता के भूकंप के झटके; असम में भी हिली धरती
रविवार को 5.3 तीव्रता के भूकंप के झटके भारत, नेपाल, चीन और भूटान में महसूस किए गए. भारत में असम प्रभावित रहा. विशेषज्ञों के अनुसार, टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल से भूकंप आता है और 4.5 से अधिक तीव्रता के झटके नुकसान पहुंचा सकते हैं.
नई दिल्ली: रविवार को आए भूकंप के झटकों ने भारत सहित कई पड़ोसी देशों में लोगों को चौंका दिया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई. भारत के अलावा नेपाल, चीन और भूटान में भी धरती कांपने की खबरें सामने आईं. भारत में असम के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने कंपन महसूस किया.
वैज्ञानिकों के अनुसार, पृथ्वी की सतह कई बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों से बनी है, जो लगातार गतिशील रहती हैं. जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या एक-दूसरे पर दबाव बनाती हैं, तो उस क्षेत्र को फॉल्ट लाइन कहा जाता है. लंबे समय तक दबाव बढ़ने के बाद प्लेटों में अचानक हलचल होती है, जिससे बड़ी मात्रा में ऊर्जा निकलती है और भूकंप उत्पन्न होता है.
कैसे मापी जाती है भूकंप की ताकत?
भूकंप की तीव्रता का आकलन रिक्टर स्केल के जरिए किया जाता है. इस पैमाने पर दर्ज संख्या जितनी अधिक होती है, भूकंप का प्रभाव उतना ही ज्यादा माना जाता है. सामान्य तौर पर 7.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले भूकंप गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं.
किस तीव्रता का भूकंप कितना खतरनाक?
विशेषज्ञों के अनुसार, 2.0 या उससे कम तीव्रता वाले भूकंप इतने हल्के होते हैं कि अधिकांश लोगों को उनका एहसास भी नहीं होता. वहीं, 4.5 या उससे अधिक तीव्रता के झटके भवनों, मकानों और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखते हैं. इसी वजह से ऐसे भूकंपों को गंभीरता से लिया जाता है.