जम्मू-कश्मीर में बड़ा हादसा, पेट्रोलिंग के दौरान लैंडमाइन फटने से JCO समेत 4 सैनिक घायल
जम्मू-कश्मीर में लाइन ऑफ कंट्रोल के पास एक धमाका. इसमें सेना के 4 जवान घायल हो गए.
जम्मू-कश्मीर में बड़ा हादसा हो गया है. राजौरी जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल के पास एक धमाके की खबर आ रही है. इसमें सेना के चार जवान घायल हो गए जिनमें एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर भी शामिल है. अधिकारियों के मुताबिक, यह धमाका नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में सेना के जवानों की पेट्रोलिंग के दौरान गलती से लैंडमाइन एक्टिवेट होने की वजह से हुआ.
राजौरी में पेट्रोलिंग के दौरान हुआ धमाका
मंगलवार को राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के अंतर्गत आने वाले अग्रिम इलाके कलाल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब भारतीय सेना की एक टुकड़ी रूटीन गश्त पर निकली हुई थी. इसी दौरान अचानक एक बारूदी सुरंग यानी लैंडमाइन फट गई और जोरदार धमाका हुआ. इस विस्फोट की चपेट में एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर यानी जेसीओ और तीन अन्य जवान आ गए. चारों को गंभीर चोटें आई हैं. धमाके की आवाज सुनते ही आसपास तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत दौड़े और घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की गई.
अस्पताल में इलाज जारी
घटना के तुरंत बाद सेना ने तेजी से काम किया और चारों घायल जवानों को नजदीकी सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया. सभी का इलाज अभी भी जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी घायलों का हाल जानने में जुटे हैं. हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सतर्कता और बढ़ा दी गई.
Also Read
बारिश और मिट्टी खिसकने से आई थी लैंडमाइन
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पास के अग्रिम इलाकों में सीमा पार से होने वाली घुसपैठ को रोकने के लिए लैंडमाइंस बिछाई जाती हैं. कई बार तेज बारिश होने या पहाड़ी इलाकों में मिट्टी खिसकने की वजह से ये बारूदी सुरंगें अपनी असली जगह से हट जाती हैं और गश्त के रास्ते में आ जाती हैं. शुरुआती जांच से पता चला है कि इस हादसे में भी ऐसी ही एक बहकर आई लैंडमाइन पर गलती से पैर पड़ने से विस्फोट हुआ.