5 घंटे की देरी से उड़ी इंडिगो की फ्लाइट, भीषण गर्मी से झुलसते रहे 200 यात्री
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में यात्री कह रहे हैं कि एयरलाइन का एसी बार-बार चालू बंद हो रहा था जिससे उन्हें घुटन हो रही थी.
मंगलवार को चेन्नई से सिंगापुर जाने वाले इंडिगो के 200 से अधिक यात्रियों को फ्लाइट के अंदर करीब 5 घंटे तक इंतजार करना पड़ा, यह समय उनकी वास्तविक यात्रा में लगने वाले समय से भी ज्यादा था. इसके बाद यात्रियों ने गुस्से में एयरलाइन के स्टाफ पर चिल्लाना शुरू कर दिया जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
इंडिगो ने इस देरी का कारण बताते हुए कहा कि पायलट ने केबिन का तापमान सामान्य से अधिक पाया और इसकी सूचना इंजीनियरिंग टीम को दी. समस्या के समाधान से पहले कॉकपिट क्रू के ड्यूटी घंटे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) से अधिक हो गए थे जिसके बाद हमें वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था करनी पड़ी जिसमें समय लगा.
बार-बार चालू बंद हो रहा था फ्लाइट का एसी
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में यात्री कह रहे हैं कि एयरलाइन का एसी बार-बार चालू बंद हो रहा था जिससे उन्हें घुटन हो रही थी. उन्होंने कहा कि उन्हें सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा धमकाया गया था और उन्हें उड़ान में देरी की वजह की भी कोई जानकारी नहीं दी गई थी.
बता दें कि सिंगापुर जाने वाली फ्लाइट (फ्लाइट नंबर: 6E1025) को सुबह 7.30 पर उड़ान भरनी थी जबकि यात्रियों को सुबह 6.30 पर ही बोर्डिंग की अनुमति दे दी गई थी लेकिन फ्लाइट तय समय पर नहीं उड़ी.
12 बजे रवाना हुई फ्लाइट
यात्रियों ने बताया कि फ्लाइट में देरी के बीच कॉकपिट पायलट के ड्यूटी के घंटे पूरे हो चुके थे जिसके बाद उन्होंने बीच में ही फ्लाइट छोड़ दी इसके बाद वैकल्पिक पायलट ने सुबह 11 बजे ड्यूटी के लिए रिपोर्ट किया जिसके बाद आखिरकार दोपहर 12 बजे उड़ान रवाना हुई. हालांकि इंडिगो ने बताया कि यात्रियों को समय-समय पर देरी की जानकारी दी जा रही थी और उन्हें जलपान भी उपलब्ध कराया जा रहा था.