घंटों तक लैपटॉप पर काम करने से कंधे में हो रहा दर्द? इन 4 एक्सरसाइज से दूर होगी दिक्कत
लैपटॉप चलाने की वजह से कई लोगों के गर्दन और कंधे में दिक्कत होती है. कई लोगों का बॉडी पोस्चर भी खराब हो जाता है. इस समस्या को कुछ एक्सरसाइज से ठीक किया जा सकता है.
आज कल सभी लोग लैपटॉप और कंप्यूटर पर ही काम करते हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि घंटों तक लैपटॉप पर काम करने की वजह से आपकी गर्दन अकड़ सकती है, कंधे टाइट हो सकते हैं और बॉडी का पोस्चर भी खराब हो सकता है. कुछ लोग फोन पर काम करते रहते हैं, इस वजह से भी दर्द हो सकता है.
आज के समय में हो रहे इस आम समस्या के बारे में अगर समय पर पता चल जाए तो उसे ठीक भी किया जा सकते हैं. एक्सपर्ट द्वारा इसके लिए कुछ खास एक्सरसाइज बताए गए हैं. जिससे धीरे-धीरे तनाव कम हो सकता है और बॉडी पोस्चर भी ठीक हो सकता है.
थोरेसिक रोटेशन स्ट्रेच
थोरेसिक रोटेशन स्ट्रेच मदद से पीठ के ऊपरी और बीच के हिस्से में मोबिलिटी बढ़ती है. गर्दन का तनाव भी कम होता है और पोस्चर सही होता है. इसे करने के लिए घुटनों और हाथों के बल आ जाएं और फिर एक हाथ को अपने सिर के पीछे रखें और धीरे-धीरे अपने शरीर के ऊपरी हिस्से को घुमाएं ताकि आपकी कोहनी छत की ओर इशारा करे.
थ्रेड द नीडल स्ट्रेच
इस स्ट्रेच से कंधे और पीठ के ऊपरी हिस्से की जकड़न कम होती है. जो ज्यादा देर तक टीवी या फोन चलाते हैं उनके लिए भी यह फायदेमंद साबित हो सकता है. अपने कंधे और सिर के एक हिस्से को फर्श की ओर तब तक नीचे लाएं जब तक आपको हल्का खिंचाव महसूस न हो. इसके बाद कुछ सेकंड तक वहां रुकें और फिर दूसरी तरफ भी दोहराएं.
ओपन बुक स्ट्रेच
ओपन बुक स्ट्रेच आपके छाती को खोलता है और रीढ़ की हड्डी को गतिशीलता को बढ़ाता है. इसे करने के लिए एक तरफ करवट लेकर लेट जाएं, घुटने मोड़ लें और अपने हाथों को सामने की ओर फैला लें. धीरे-धीरे अपने ऊपर वाले हाथ को उठाएं और उसे अपने शरीर के ऊपर से घुमाएं जब तक कि आपकी छाती खुल न जाए.
Y-T-W-I एक्सटेंशन
इससे आपके पीठ का ऊपरी हिस्सा और कंधे की मांसपेशियां मजबूत होती है. जिसकी वजह से पोस्चर भी सही होता है. इसे करने के लिए अपने हाथों को एक-एक करके Y, T, W और I अक्षरों जैसी पोजिशन में ऊपर उठाएं. धीरे-धीरे चलें और हर मूवमेंट के दौरान अपने कंधे की हड्डियों को एक साथ सिकोड़ने पर ध्यान दें.