T20 World Cup 2026

'Yes King’ वाले लोकप्रिय TikTok क्रिएटर माइकल विलिस हर्ड का निधन, फैन्स में शोक की लहर

लोकप्रिय TikTok क्रिएटर माइकल विलिस हर्ड का निधन हो गया है. उनकी बेटी माइकल क्रम्बी ने सोशल मीडिया पर इस दुखद खबर की पुष्टि की. वे अपने 'Yes King' संदेशों से लाखों लोगों को प्रेरित करते थे.

SOCIAL MEDIA
Kuldeep Sharma

TikTok के मशहूर कंटेंट क्रिएटर और 'Yes King' मोटिवेशनल वीडियो से चर्चा में रहने वाले माइकल विलिस हर्ड का निधन हो गया है. उनकी बेटी माइकल क्रम्बी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर पिता के निधन की पुष्टि की. 

89 वर्षीय माइकल एक पादरी, लाइफ कोच और मोटिवेशनल स्पीकर थे, जिन्होंने आत्म-प्रेरणा और सकारात्मक सोच से लाखों लोगों को प्रभावित किया. उनकी मौत की खबर ने फैंस को झकझोर कर रख दिया है.

'Yes King' से लोगों के दिलों में बनाई जगह

माइकल विलिस हर्ड अपनी सकारात्मकता और प्रेरणादायक बातों के लिए मशहूर थे. उनके 'Yes King' और 'Love Yourself' जैसे संदेशों ने सोशल मीडिया पर खास जगह बनाई थी. उनके वीडियो आत्मविश्वास, आत्म-प्रेम और जीवन की कठिनाइयों से लड़ने का हौसला देते थे. उनके फॉलोअर्स उन्हें सिर्फ कंटेंट क्रिएटर नहीं बल्कि जीवन मार्गदर्शक के रूप में देखते थे.

बेटी ने भावुक पोस्ट में दी जानकारी

माइकल की बेटी माइकल क्रम्बी ने फेसबुक पर पिता के निधन की पुष्टि की. उन्होंने लिखा, 'पापा… मैं आपको बहुत मिस करूंगी, किंग. यह यकीन करना मुश्किल है.' उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उनके पिता के बारे में गलत बातें कहीं, लेकिन उनके लिए वे 'धरती पर सबसे महान इंसान' थे. पोस्ट में उन्होंने अपने पिता की तस्वीरें साझा कीं और लिखा कि वे अब 'स्वर्ग में शांति से हैं.'

फैंस और सोशल मीडिया पर शोक की लहर

माइकल की मौत की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया. TikTok और Instagram पर हजारों लोगों ने उनके पुराने वीडियो साझा किए और लिखा कि उनकी बातें हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी. एक यूजर ने लिखा, 'Yes King- यह सिर्फ एक वाक्य नहीं, बल्कि माइकल का जीवन दर्शन था.'

कौन थे माइकल विलिस हर्ड

ओहायो के एलिरिया शहर के रहने वाले माइकल हर्ड 'LoveAndLightTv' नामक प्लेटफॉर्म चलाते थे. वहां वे आध्यात्मिकता, हास्य और आत्म-प्रेरणा को मिलाकर लोगों को बेहतर जीवन जीने की सीख देते थे. वे पादरी और कम्युनिटी मेंटर भी थे, जो लोगों को आत्म-स्वीकृति और क्षमा के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते थे. उनकी बातों में गहराई और सादगी दोनों झलकती थी, जिसने उन्हें लाखों लोगों का चहेता बनाया.

मौत की वजह को लेकर उलझन

हालांकि माइकल की मौत का आधिकारिक कारण अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन एक अन्य कंटेंट क्रिएटर डेवीऑन ऑगस्टस ने दावा किया कि माइकल को अस्थमा अटैक हुआ था, जिसके बाद उन्हें हार्ट अटैक आया और वे ब्रेन डेड हो गए. बताया गया कि बेटी द्वारा साझा की गई तस्वीर उनके कोमा में होने के दौरान की थी. परिवार ने फिलहाल किसी आधिकारिक बयान में कारण की पुष्टि नहीं की है.

माइकल विलिस हर्ड का जाना सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि उन सभी के लिए गहरा नुकसान है जिन्होंने उनकी बातों से आत्मविश्वास पाया. 'Yes King' अब सिर्फ एक वाक्य नहीं रहा- यह उनकी विरासत बन गया है, जो लाखों दिलों में हमेशा गूंजता रहेगा.