IAS बनने का सपना, फिर फिल्मों में बनाई पहचान; जानें यामी गौतम का दिलचस्प सफर
Yami Gautam Birthday: क्या आप जानते हैं कि यामी कभी अभिनेत्री बनना ही नहीं चाहती थीं? उनका सपना IAS अधिकारी बनने का था. वह सिविल सर्विस की तैयारी भी कर रही थीं, लेकिन एक मुलाकात ने उनके करियर की दिशा बदल दी.
Yami Gautam Birthday: बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम आज अपनी शानदार एक्टिंग और अलग-अलग तरह के किरदारों के लिए जानी जाती हैं. 'विक्की डोनर', 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' और 'आर्टिकल 370' जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यामी कभी अभिनेत्री बनना ही नहीं चाहती थीं? उनका सपना IAS अधिकारी बनने का था.
वह सिविल सर्विस की तैयारी भी कर रही थीं, लेकिन एक मुलाकात ने उनके करियर की दिशा बदल दी. 28 नवंबर को यामी अपना जन्मदिन मना रही हैं. इस मौके पर आइए जानते हैं उनके जीवन और फिल्मी सफर से जुड़ी कुछ खास बातें.
यामी का था IAS बनने सपना:
यामी गौतम का जन्म 28 नवंबर 1988 को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुआ था. उनकी परवरिश चंडीगढ़ में हुई. उनके पिता मुकेश गौतम पंजाबी फिल्म निर्देशक हैं और मां अंजलि गौतम गृहिणी हैं. बचपन में यामी काफी शर्मीली थीं. उन्हें लोगों के सामने आने और स्टेज पर जाने में भी झिझक होती थी.
Also Read
पढ़ाई में अच्छी होने के कारण उन्होंने IAS अधिकारी बनने का लक्ष्य तय किया था. स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने चंडीगढ़ में लॉ ऑनर्स में दाखिला लिया और सिविल सर्विस की तैयारी करने लगीं.
एक मुलाकात ने बदल दी जिंदगी:
यामी की जिंदगी में बदलाव तब आया, जब उनके पिता के एक दोस्त अपनी पत्नी के साथ घर आए. उनकी पत्नी टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी थीं. उन्होंने यामी को एक्टिंग में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया. इसके बाद यामी की तस्वीरें मुंबई के कुछ प्रोडक्शन हाउस तक पहुंचीं और उन्हें एक्टिंग के मौके मिलने लगे. धीरे-धीरे कैमरे के सामने उनकी झिझक कम हुई और उनका रुझान अभिनय की ओर बढ़ने लगा.
टीवी से शुरू हुआ एक्टिंग का सफर:
यामी ने मॉडलिंग के साथ छोटे पर्दे से अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने 'चांद के पार चलो', 'राजकुमार आर्यन' और 'ये प्यार ना होगा कम' जैसे टीवी शोज में काम किया. इसके बाद उन्होंने कन्नड़ फिल्म 'उल्लासा उत्साहा' से बड़े पर्दे पर कदम रखा.
हिंदी फिल्मों में उन्हें पहचान 2012 में आई 'विक्की डोनर' से मिली. इस फिल्म में उनके काम को दर्शकों ने पसंद किया और वह बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने में सफल रहीं.
करियर में आए मुश्किल दौर:
शुरुआती सफलता के बाद यामी का सफर आसान नहीं रहा. 'टोटल सियापा', 'एक्शन जैक्सन', 'सनम रे', 'जुनूनियत', 'सरकार 3' और 'बत्ती गुल मीटर चालू' जैसी फिल्मों से उन्हें वैसी सफलता नहीं मिली, जिसकी उम्मीद थी.
यामी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इंडस्ट्री में काम पाने और अपनी पहचान बनाने में उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा. उनके पास बड़ी पीआर टीम भी नहीं थी. एक समय ऐसा आया जब उन्होंने हिमाचल प्रदेश में खेती की जमीन खरीदी और वहां लौटकर नई जिंदगी शुरू करने के बारे में सोचा था.
'उरी' और 'आर्टिकल 370' ने बदली पहचान:
साल 2019 यामी के करियर के लिए खास साबित हुआ. 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' और 'बाला' में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली. इसके बाद उन्होंने 'ए थर्सडे' और 'लॉस्ट' जैसी फिल्मों में भी अलग तरह के किरदार निभाए. फिल्म 'आर्टिकल 370' में NIA अधिकारी जोनी हक्सर की भूमिका ने एक बार फिर उनके अभिनय की ताकत दिखाई. इस फिल्म के लिए उन्हें 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्ट्रेस का सम्मान मिला.
कभी IAS अधिकारी बनने का सपना देखने वाली यामी गौतम ने अपनी मेहनत और अभिनय के दम पर फिल्मी दुनिया में खास पहचान बनाई. उनका सफर बताता है कि जिंदगी में कभी-कभी एक मौका पूरी दिशा बदल सकता है.