'Raaz' के बाद कहां गायब हो गईं Malini Sharma? एक्ट्रेस ने खुद बताई वजह, बच्चों के लिए छोड़ी इंडस्ट्री
बॉलीवुड में 'राज' फिल्म से चमकने वाली अभिनेत्री मालिनी शर्मा लंबे समय से स्क्रीन से दूर हैं. हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने नए वीडियो के कमेंट सेक्शन में फैंस के सवालों के जवाब देते हुए अपनी इस यात्रा के बारे में खुलकर बात की.
Raaz Actress Malini Sharma: एक समय बॉलीवुड में 'राज' फिल्म से चमकने वाली अभिनेत्री मालिनी शर्मा लंबे समय से स्क्रीन से दूर हैं. हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने नए वीडियो के कमेंट सेक्शन में फैंस के सवालों के जवाब देते हुए अपनी इस यात्रा के बारे में खुलकर बात की. उनके जवाबों से साफ है कि उन्होंने उद्योग छोड़ने का फैसला किसी निराशा से नहीं, बल्कि जिंदगी के नए मोड़ चुनने से लिया.
मालिनी शर्मा ने बताया क्यों छोड़ा बॉलीवुड
मालिनी शर्मा 2002 में विक्रम भट्ट की हिट हॉरर फिल्म 'राज' से लोगों के दिलों में बस गई थीं. लेकिन उन्होंने साफ कहा कि अभिनय कभी उनका सपना नहीं था. उन्होंने लिखा- 'मैं कभी एक्टर बनने की महत्वाकांक्षा नहीं रखती थी. राज बस हो गया और मैंने फ्लो के साथ चलना शुरू कर दिया. फिल्म रिलीज के बाद जब स्पॉटलाइट इतनी तेज हो गई, तो मैं अपने प्लान्स को लेकर पक्की नहीं थी. इसलिए मैंने स्लो डाउन करने का फैसला लिया.'
Also Read
एक फैन ने पूछा कि आप फिल्में क्यों छोड़ दीं, तो मालिनी ने विस्तार से जवाब दिया. उन्होंने बताया कि वे पूरी तरह गायब नहीं हुई थीं. कुछ समय तक वे कैमरे के पीछे काम करती रहीं. फिर उनके बच्चे आए और वे पूरी तरह उनकी देखभाल में व्यस्त हो गईं. 'ईमानदारी से कहूं तो मैं वैसी गायब नहीं हुई जैसे लोग समझते हैं. मैंने कुछ समय कैमरे के पीछे काम किया, फिर बच्चों के आने के बाद मैं उनके साथ व्यस्त हो गई.'
इन सालों में मालिनी ने फिल्म इंडस्ट्री से दूर अपना नया संसार बनाया. उन्होंने अपने ब्रांड द स्लो लोकल को विकसित किया, जो अलग-अलग रूपों में आगे बढ़ा. आज वे सह्याद्रि हिल्स में रहती हैं और एक फार्मस्टे चलाती हैं. प्रकृति के करीब सादा और शांत जीवन उन्हें अच्छा लगता है.
फैंस बार-बार पूछते हैं कि क्या वे कभी स्क्रीन पर वापस आएंगी. मालिनी ने अब तक कोई आधिकारिक कॉमबैक का ऐलान नहीं किया है, लेकिन दरवाजा पूरी तरह बंद भी नहीं किया. जब एक फैन ने वापसी की अपील की, तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा- 'लेट्स सी, किस्मत में होगा तो.'