कम फिल्में, फिर भी अरबों की दौलत! ऐसे खड़ी की है Vivek Oberoi ने करोड़ों की सल्तनत
विवेक ओबेरॉय आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं. फिल्मों में कम नजर आने के बावजूद उनकी संपत्ति करोड़ों में बताई जाती है. एक्टर के जन्मदिन पर आइए जानते हैं कि एक्टिंग के अलावा किन चीजों से उनकी कमाई होती है.
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं. फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और अपनी दमदार अदाकारी से कम समय में ही अलग पहचान बना ली थी. हालांकि पिछले कुछ सालों में वह फिल्मों में पहले के मुकाबले कम नजर आते हैं, लेकिन इसका उनकी कमाई पर खास असर नहीं पड़ा है. एक्टिंग के अलावा विवेक ओबेरॉय ने बिजनेस और निवेश की दुनिया में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाई है.
यही वजह है कि आज वह करोड़ों नहीं, बल्कि अरबों रुपये की संपत्ति के मालिक बताए जाते हैं. आइए उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी कमाई के अलग-अलग सोर्स और लग्जरी लाइफस्टाइल के बारे में जानते हैं.
‘Company’ से हुआ था शानदार बॉलीवुड डेब्यू
विवेक ओबेरॉय का जन्म 3 सितंबर 1976 को हैदराबाद में एक्टर सुरेश ओबेरॉय के घर हुआ था. पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए उन्होंने भी एक्टिंग को अपना करियर चुना. साल 2002 में रिलीज हुई राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘Company’ से विवेक ने बॉलीवुड में कदम रखा. अपनी पहली ही फिल्म में उन्होंने गैंगस्टर चंदू का किरदार निभाया था. उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों की तरफ से अच्छे रिएक्शन मिले और उन्हें इंडस्ट्री में एक प्रतिभाशाली नए एक्टर के तौर पर पहचान मिली.
Also Read
इन फिल्मों ने बनाई खास पहचान
विवेक ओबेरॉय ने दो दशक से ज्यादा लंबे एक्टिंग करियर में कई फिल्मों में काम किया. उनके करियर की चर्चित फिल्मों में ‘मस्ती’, ‘ग्रैंड मस्ती’, ‘ओमकारा’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'कृष 3' जैसी फिल्में शामिल हैं. हालांकि करियर में एक ऐसा दौर भी आया जब उन्हें फिल्मों में काम मिलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद उन्होंने खुद को सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं रखा और बिजनेस की दुनिया में कदम बढ़ाया.
कितनी संपत्ति के मालिक हैं विवेक ओबेरॉय?
विवेक ओबेरॉय की मौजूदा संपत्ति को लेकर कई रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर की कुल नेटवर्थ करीब 1200 करोड़ रुपये बताई गई है. उनकी लाइफस्टाइल भी काफी लग्जरी है. रिपोर्ट के मुताबिक उनके पास तीन लग्जरी बंगले हैं. इसके अलावा उनके कार कलेक्शन में रोल्स-रॉयस कलिनन ब्लैक बैज, मर्सिडीज-बेंज GLE 250D, क्रिसलर 300C लिमोज़ीन और लेम्बोर्गिनी गैलार्डो जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं.
फिल्मों से कितनी कमाई करते हैं विवेक?
विवेक ओबेरॉय की कमाई का एक हिस्सा उनकी फिल्मों से आता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक वह एक फिल्म के लिए करीब 3 से 4 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं. हालांकि एक्टर की कमाई का सबसे बड़ा आधार सिर्फ फिल्में नहीं हैं. उन्होंने काफी पहले से बिजनेस और निवेश के क्षेत्र में अपनी जगह बनानी शुरू कर दी थी.
विवेक ने एक्टिंग में आने से पहले ही कमाई के दूसरे रास्तों पर काम करना शुरू कर दिया था. बताया जाता है कि उन्होंने कम उम्र में स्टॉक मार्केट में निवेश करना शुरू किया था. इसके अलावा 19 साल की उम्र में उन्होंने एक टेक कंपनी शुरू की थी. रिपोर्ट के अनुसार इस कंपनी से उन्हें करीब 2 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश और बिजनेस का विस्तार किया.