94 साल की उम्र में दिग्गज अभिनेत्री सौकार जानकी का निधन, जूनियर एनटीआर समेत इन स्टार्स ने जताया शोक

दिग्गज अभिनेत्री सौकार जानकी का शुक्रवार को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उनका निधन चेन्नई के एक अस्पताल में दोपहर 1:59 बजे हुआ. परिवार ने इसकी पुष्टि की है.

X
Antima Pal

Veteran Actor Sowcar Janaki Death: दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री सौकार जानकी का शुक्रवार को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उनका निधन चेन्नई के एक अस्पताल में दोपहर 1:59 बजे हुआ. परिवार ने इसकी पुष्टि की है. उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण वे पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थीं और आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था.

94 साल की उम्र में सौकार जानकी का निधन

सौकार जानकी ने करीब सात दशकों तक फिल्मों में काम किया. उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में 400 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया. उनकी यह लंबी यात्रा दक्षिण भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद की जाएगी. साल 2022 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया था.


उनके निधन की खबर पर कई सितारों ने शोक व्यक्त किया. अभिनेता जूनियर एनटीआर ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा- 'तेलुगु और भारतीय सिनेमा पर अपनी अनोखी छाप छोड़ने वाली शौकारू जानकी गारू के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ है. जानकी गारू की फिल्मी यात्रा और उनके द्वारा निभाए गए किरदार हमेशा हमारी यादों में रहेंगे. उनकी आत्मा को शांति मिले. परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.'

वरिष्ठ अभिनेता कमल हासन ने भी भावुक होकर याद किया. उन्होंने लिखा- 'वे मां थीं और मैं बच्चा. दक्षिण भारतीय सिनेमा की अपूरणीय कलाकार सौकार जानकी. उन्होंने उस समय के सभी नायकों के साथ काम किया. वे मेरे गुरु के. बालाचंदर की पसंदीदा अभिनेत्री थीं. उनका निधन हो गया है. एक मां जैसी छवि चली गई. मैं आंसुओं के साथ उन्हें विदाई देता हूं.'

सौकार जानकी को उनकी मजबूत अभिनय क्षमता और विविध भूमिकाओं के लिए जाना जाता था. उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए जो दर्शकों के दिलों में बस गए. उनकी फिल्में आज भी सिनेमा प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हैं.