'मुसाफिर कैफे' के बाद लक्ष्य के साथ रोमांस करेंगी वेदिका पिंटो, 'राख' डायरेक्टर की फिल्म में निभाएंगी ये किरदार
'मुसाफिर कैफे' से चर्चा में आईं वेदिका पिंटो अब लक्ष्य के साथ एक नई फिल्म में नजर आएंगी. प्रोसित रॉय की डायरेक्टेड इस अनटाइटल्ड फिल्म में रोमांस के साथ साइकोलॉजिकल एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे.
वेदिका पिंटो और लक्ष्य जल्द ही पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आने वाले हैं. 'मुसाफिर कैफे' में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाली वेदिका अब एक नई फिल्म का हिस्सा बनने जा रही हैं. इस अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट में उनके साथ लक्ष्य मुख्य भूमिका में होंगे, जबकि फिल्म का निर्देशन 'राख' फेम प्रोसित रॉय करेंगे. फिल्म का नाम और कहानी फिलहाल मेकर्स ने गुप्त रखी है. हालांकि, सामने आई जानकारी के मुताबिक यह एक रोमांटिक कहानी होगी, जिसमें साइकोलॉजिकल एंगल भी देखने को मिलेगा. प्रोजेक्ट को लेकर ऑनलाइन चर्चा शुरू हो चुकी है, लेकिन मेकर्स ने अभी तक इसकी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
पहली बार साथ स्क्रीन शेयर करेंगे लक्ष्य-वेदिका
इस फिल्म में लक्ष्य और वेदिका पिंटो की जोड़ी पहली बार देखने को मिलेगी. वेदिका ने 'मुसाफिर कैफे' में सुधा के किरदार से दर्शकों का ध्यान खींचा था. वहीं लक्ष्य पिछले कुछ समय में अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए अपनी पहचान बनाने में जुटे हुए हैं. नई फिल्म में दोनों किस तरह के किरदार निभाएंगे, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन रोमांस के साथ कहानी में साइकोलॉजिकल ट्विस्ट होने की बात इसे सामान्य लव स्टोरी से अलग बनाती है.
'राख' के बाद प्रोसित रॉय की अगली फिल्म
प्रोसित रॉय इस प्रोजेक्ट के जरिए 'राख' के बाद अपनी अगली फिल्म लेकर आ रहे हैं. निर्देशक को अलग तरह की और गंभीर कहानियों के लिए जाना जाता है. मेकर्स ने फिलहाल फिल्म के प्लॉट से जुड़ी ज्यादातर जानकारियां छिपाकर रखी हैं. फिल्म का टाइटल, बाकी कलाकारों की कास्ट और रिलीज डेट जैसी जानकारी का भी इंतजार है.
Also Read
वेदिका पिंटो ने 'मुसाफिर कैफे' में सुधा का किरदार निभाया था. फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस को लेकर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली. 'मुसाफिर कैफे' के बाद वेदिका अनुराग कश्यप की फिल्म 'निशांची' में भी नजर आई थीं. इससे पहले वह 'लिग्गी गर्ल' के रूप में चर्चा में आई थीं.
लक्ष्य के पास भी हैं कई दिलचस्प प्रोजेक्ट
लक्ष्य भी लगातार अलग-अलग जॉनर में काम कर रहे हैं. 'किल' के जरिए उन्होंने एक्शन और इंटेंस परफॉर्मेंस से दर्शकों का ध्यान खींचा था. इसके बाद वह 'चांद मेरा दिल' में अनन्या पांडे के साथ नजर आए. लक्ष्य आर्यन खान की डेब्यू सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' का भी हिस्सा रह चुके हैं. अब वेदिका पिंटो के साथ यह नया प्रोजेक्ट उनके करियर में एक अलग तरह की कहानी जोड़ सकता है.