नई दिल्ली: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple में एक बड़ा बदलाव होने वाला है. जॉन टेर्नेस ने आखिरकार कंपनी में नया पद संभाल लिया है. टेर्नेस अब कंपनी के नए CEO बन गए हैं. उन्होंने टिम कुक की जगह ली है. बता दें कि टिम कुक लंबे समय से Apple के CEO की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब टिम कुक कंपनी में एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे.
सीईओ की पोजिशन जॉन टेर्नेस के सामने एक बड़ी जिम्मेदारी है. खासकर इस महीने, क्योंकि इसी महीने Apple के बड़े लॉन्च इवेंट पर पूरी दुनिया की नजर है. इन सब के बीच सभी की नजर जॉन टेर्नेस के पैकेज पर है. हर कोई यह जानना चाहता है कि इनका सालाना पैकेज कितना है. तो चलिए जानते हैं इस बारे में.
Apple ने अमेरिका की सिक्योरिटिज और एक्सचेंज कमिशन में एक नई जानकारी दाखिल की है, जिसमें जॉन टेर्नेस और टिम कुक के पैकेज का खुलासा किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, जॉन टेर्नेस का सालाना पैकेज करीब 58 मिलियन डॉलर, यानी लगभग 551 करोड़ रुपये है. इसमें उनकी सालाना बेस सैलरी करीब 30 लाख डॉलर (लगभग 28 करोड़ रुपये) है.
सिर्फ इतना ही नहीं, उन्हें अगले साल के लिए करीब 5.5 करोड़ डॉलर (लगभग 516 करोड़ रुपये) के स्टॉक अवॉर्ड भी दिए गए हैं. हालांकि, इन स्टॉक अवॉर्ड की वास्तविक कीमत Apple के शेयर की कीमत के साथ बढ़ या घट सकती है.
सीईओ पद से हटने के बाद भी टिम कुक को अच्छा खासा पैकेज मिलने वाला है. टिम कुक को करीब 47 मिलियन डॉलर यानी लगभग 446 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज मिलेगा. इसमें करीब 20 लाख डॉलर (लगभग 19 करोड़ रुपये) की सालाना सैलरी और वित्तीय वर्ष 2027 के लिए करीब 4.5 करोड़ डॉलर के स्टॉक अवॉर्ड शामिल हैं. सबसे ददिलचस्प बात यह है कि सीईओ रहते हुए भी टिम कुक की सालाना बेस सैलरी करीब 30 लाख डॉलर थी.