वरुण धवन के बर्थडे पर रिलीज हुआ नया गाना 'WOW', धूम मचाने आ रही है 'बाप-बेटे' की जोड़ी
वरुण धवन के जन्मदिन पर उनकी आने वाली फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का पहला गाना WOW रिलीज हुआ. हाई एनर्जी और रोमांटिक वाइब्स से भरा यह गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन के 39वें जन्मदिन को इस बार खास अंदाज में सेलिब्रेट किया गया. उनकी आने वाली फिल्म है जवानी तो इश्क़ होना है का पहला गाना WOW रिलीज कर दिया गया. यह गाना आते ही सोशल मीडिया पर छा गया और फैंस इसे लगातार शेयर कर रहे हैं. वरुण धवन ने खुद इस गाने को अपना बर्थडे जैम बताया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर गाने की झलक शेयर करते हुए लिखा कि यह गाना उनके लिए बेहद खास है और वह इसे लेकर काफी उत्साहित हैं. उन्होंने अपने फैंस का भी धन्यवाद किया जिन्होंने उनके इस खास दिन को और भी यादगार बना दिया.
फिल्म के डायरेक्टर डेविड धवन एक बार फिर अपनी खास कॉमेडी स्टाइल के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं. उन्होंने पहले भी जुड़वा, हीरो नंबर 1 और दीवाना मस्ताना जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं. अब वह अपने बेटे वरुण धवन के साथ इस नई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में नजर आएंगे. फिल्म का टाइटल ही बताता है कि इसमें प्यार, मस्ती और कॉमेडी का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा.
WOW गाने में दिखी जबरदस्त एनर्जी
WOW गाना एक हाई एनर्जी डांस नंबर है जिसे हार्डी संधू और किरण बाजवा ने अपनी आवाज दी है. इस गाने का म्यूजिक तनिष्क बागची ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल रोनी अजनाली और गिल माछराई ने लिखे हैं. गाने में एक नया और फ्रेश साउंड सुनने को मिलता है जो पहली बार में ही दर्शकों को पसंद आ रहा है. इसकी बीट्स और डांस स्टेप्स इसे पार्टी एंथम बना सकते हैं.
Also Read
- 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' पर सरकार ने लिया सख्त एक्शन! अब ZEE5 पर नहीं आएगी विवादित वेब सीरीज
- दुनियाभर में अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' ने दिखाया जलवा, 7 दिनों में 'मुंज्या' को दे दी मात! यहां देखें आकंड़ा
- तमन्ना भाटिया को लेकर दिए बयान पर घिरे अन्नू कपूर, दी सफाई, बोलें - 'बुरा लगा तो पैर छूकर मांग लूंगा माफी'
हार्डी संधू ने इस गाने को लेकर कहा कि उन्हें पहली बार सुनते ही इसमें खास बात महसूस हुई. वहीं किरण बाजवा ने इसे चुलबुला और मस्ती से भरा गाना बताया जो लोगों को झूमने पर मजबूर कर देगा.
फिल्म की कहानी में दिखेगा ट्विस्ट
इस फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है जिसमें एक दिलचस्प कहानी की झलक देखने को मिली. कहानी में वरुण धवन का किरदार दो अलग अलग महिलाओं के साथ रोमांटिक रिश्ते में नजर आता है. इतना ही नहीं, टीजर में यह भी संकेत मिलता है कि उनके दोनों से बच्चे हो सकते हैं. हालांकि इस ट्विस्ट को दिखाने के लिए इस्तेमाल किए गए डिजिटल बच्चों को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आलोचना भी की.