Dia Mirza Birthday: जब खूबसूरती ही बन गई थी दीया मिर्जा के लिये नासूर
बॉलीवुड की बेहद खूबसूरत और टैलेंटेड अभिनेत्रियों में शुमार दीया मिर्जा आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं.
Dia Mirza Birthday: बॉलीवुड की बेहद खूबसूरत और टैलेंटेड अभिनेत्रियों में शुमार दीया मिर्जा आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं. हैदराबाद में जन्मीं दीया मिर्जा आज जिस मुकाम पर हैं उनका सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा. करियर के शुरुआती दौर में ही उनकी खूबसूरती उनके लिए नासूर बन गई थी. दिया की खूबसूरती की वजह से उन्हें एक समय मॉडलिंग करने नहीं दी गई थी. उनसे कहा गया था कि आप इतनी खूबसूरत हैं कि आपका लुक एक मॉडल वाला नहीं है.
हालांकि दिया ने अपनी पहली ही फिल्म रहना है तेरे दिल में से जबरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल की. आज भी दिया को लोग उनकी इसी फिल्म से जानते हैं. इसके बाद दीया ने दीवानापन, तुमको न भूल पाएंगे, दम, परिणीता, लगे रहो मुन्नाभाई और संजू जैसी फिल्मों में काम किया.
मां बंगाली, पिता ईसाई फिर मुस्लिम सरनेम क्यों
दीया मिर्जा बंगाली हिंदू हैं जबकि उनके पिता फैंक हैडरिच जर्मन, ईसाई हैं. जब उनके माता-पिता का तलाक हुआ, उस समय दिया महज चार साल की थीं. इसके बाद दीया की मां ने हैदराबाद के रहने वाले अहमद मिर्जा से निकाह कर लिया था, इसी वजह से दीया अपने नाम के आगे मिर्जा सरनेम लगाती हैं.
18 साल की उम्र में जीता था मिस एशिया पैसिफिक का खिताब
दीया मिर्जा ने 16 साल की कम उम्र में ही एक मल्टीमीडिया कंपनी में काम करना शुरू कर दिया था और मात्र 18 साल की उम्र में मिस एशिया पैसिफिक का खिलाब अपने नाम कर लिया था. फिल्मों में दिया को कोई खास सफलता नहीं मिल पाई. अक्टूबर 2014 में दिया ने अपने बिजनेस पार्टनर साहिल सांगा के साथ शादी की थी, हालांकि उनका यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सका. इसके बाद दीया ने 2021 में वैभव रेशी से शादी की.
जलवायु संकट पर बेबाकी से बोलती हैं दीया
बीबीसी ने हाल ही में 2023 के लिए दुनिया की 100 सबसे प्रेरणादायक और प्रभावशाली महिलायों की सूची जारी की थी. इस सूची में दीया मिर्जा का नाम भी शामिल था. जलवायु संकट के मुद्दों पर दीया बेहद सक्रियता से अपनी भूमिका निभाती रही हैं. मिर्जा संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की सद्भावना राजदूत भी हैं. इसके अलावा दिया सेव द चिल्ड्रेन, इंटरनेशनल फंड फॉर एनिमल वेलफेयर की राजदूत और सैंक्चुअरी नेचर फाउंडेशन की सदस्य भी हैं. दीया पिछले दो दशकों में 30 से ज्यादा फिल्मों और 2 वेब सीरीज में नजर आई हैं. साल 2000 में हुई मिस इंडिया प्रतियोगिता में दीया सेकेंड रनर-अप रही थीं.