उदित नारायण की पहली पत्नी का बड़ा आरोप, बिना सहमति के निकलवाया था यूटेरस, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप

मशहूर सिंगर उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना झा ने सुपौल के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि 1996 में मेडिकल ट्रीटमेंट के बहाने बिना उनकी सहमति के उनका यूटेरस निकाल दिया गया.

X
Babli Rautela

मुंबई: मशहूर पार्श्व गायक उदित नारायण एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. उनकी पहली पत्नी रंजना झा ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए बिहार के सुपौल स्थित महिला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. रंजना झा का आरोप है कि 1996 में मेडिकल ट्रीटमेंट के बहाने उन्हें दिल्ली के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया और वहां उनकी सहमति के बिना उनका यूटेरस निकाल दिया गया. उन्होंने दावा किया है कि इस बारे में उन्हें कई साल बाद दूसरे इलाज के दौरान जानकारी मिली.
 
रिपोर्ट्स के अनुसार रंजना झा ने मंगलवार को अपने वकील करुणाकांत झा के साथ महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में केवल उदित नारायण ही नहीं, बल्कि उनके दो भाइयों और उनकी दूसरी पत्नी पर भी आपराधिक साजिश का आरोप लगाया गया है. रंजना ने बताया कि उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति रिवाज से हुई थी. 1985 में उदित अपने सिंगिंग करियर के लिए मुंबई चले गए. बाद में उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स से उनकी दूसरी शादी की जानकारी मिली.

ऑपरेशन को लेकर पहली पत्नी का गंभीर दावा

रंजना झा ने अपनी शिकायत में कहा है कि 1996 में उन्हें इलाज के नाम पर दिल्ली ले जाया गया. वहां उनकी जानकारी और अनुमति के बिना ऑपरेशन कर दिया गया. उन्होंने यह भी कहा कि उस समय उदित और उनके भाई संजय कुमार झा और ललित नारायण झा मौजूद थे और दूसरी पत्नी भी अस्पताल में थीं. मीडिया से बातचीत में रंजना ने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए और वह लंबे समय से इंतजार कर रही थीं. उनका कहना है कि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हैं और उन्हें सहयोग की जरूरत है.

क्या कह रही है पुलिस?

महिला पुलिस स्टेशन की अधिकारी अंजू तिवारी ने कहा है कि शिकायत में बताई गई तारीखें करीब 30 साल पुरानी हैं, इसलिए मामले की गहराई से जांच की जा रही है. तथ्य स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने पर निर्णय लिया जाएगा. अब तक उदित नारायण की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

यह मामला कई सवाल खड़े करता है और जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. फिलहाल पुलिस तथ्यों की जांच में जुटी है और सभी पक्षों से जानकारी ली जा रही है.