'द केरल स्टोरी 2' का टीजर हटाया गया, रिलीज से पहले केरल हाईकोर्ट देखेगा फिल्म, उठाए ये गंभीर सवाल
केरल हाईकोर्ट ने मंगलवार को फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' के निर्माताओं को शुक्रवार को रिलीज से पहले कोच्चि स्थित अदालत में हिंदी फिल्म की स्क्रीनिंग आयोजित करने का आदेश दिया. 'द केरल स्टोरी' की यह सीक्वल फिल्म हिंदू महिलाओं के जबरन धर्म परिवर्तन के विषय को लेकर विवादों में घिरी हुई है.
तिरुवनंतपुरम: 'द केरल स्टोरी 2 - गोस बियॉन्ड’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. फिल्म की रिलीज से ठीक पहले केरल हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस ने फिल्ममेकर्स को कोर्ट के लिए स्पेशल स्क्रीनिंग अरेंज करने का आदेश दिया है. कोच्चि में बुधवार को कोर्ट फिल्म देखेगी, ताकि रिलीज से पहले फैसला ले सके. फिल्म शुक्रवार 27 फरवरी 2026 को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है.
कोर्ट ने क्या कहा?
सुनवाई के दौरान जस्टिस थॉमस ने साफ कहा कि 'केरल में लोग पूरी तरह सद्भाव में रहते हैं, लेकिन फिल्म में राज्य को गलत तरीके से दिखाया गया है.' उन्होंने ऑब्जर्व किया कि 'केरल' नाम इस्तेमाल होने से लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. फिल्म से 'भावनाएं भड़क सकती हैं' और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है.
'यहां केरल का नाम टाइटल में'
जज ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से भी सवाल किया कि क्या उन्होंने राज्य की सेकुलर इमेज और हार्मनी को ध्यान में रखा? कोर्ट ने कहा कि आमतौर पर आर्टिस्टिक फ्रीडम में दखल नहीं दिया जाता, लेकिन यहां केरल का नाम टाइटल में है, इसलिए चिंताएं जायज हैं.
तीन याचिकाओं पर सुनवाई
आज यानी मंगलवार (24 फरवरी 2026) को तीन याचिकाओं पर सुनवाई हुई, जिनमें फिल्म की रिलीज पर स्टे और सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग की गई. याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि फिल्म केरल की सेकुलर छवि को खराब करती है, हिंदू महिलाओं की जबरन धर्मांतरण की कहानी दिखाकर धार्मिक तनाव बढ़ा सकती है. फिल्ममेकर्स का दावा है कि ये 'ट्रू इंसिडेंट्स और स्टोरीज' पर आधारित है, लेकिन कोर्ट ने इसे गंभीरता से लिया.
टीजर वापस लिया
कोर्ट के आदेश के बाद मेकर्स ने टीजर वापस लेने का ऐलान किया. याचिकाकर्ताओं ने कहा कि टीजर बिना सेंसर सर्टिफिकेट के दिखाया जा रहा था. मेकर्स ने जवाब दिया कि टीजर में फिल्म का कंटेंट नहीं है, लेकिन फिर भी टीजर हटा लिया. कोर्ट ने सेंटर से भी स्टैंड मांगा कि क्या स्क्रीनिंग अरेंज की जा सकती है.
पहली फिल्म का बैकग्राउंड
2023 में रिलीज हुई पहली 'द केरल स्टोरी' ने भी खूब विवाद खींचा था. वो जबरन कन्वर्जन और ISIS से जुड़ी कहानी पर थी, जिसे नेशनल अवॉर्ड भी मिला. सीक्वल में भी इसी थीम को आगे बढ़ाया गया है, जो अब कानूनी चुनौती का सामना कर रही है.