मैं बिल्कुल ठीक हूं... हादसे के बाद खुद सामने आए THE GREAT KHALI, पानीपत टोल प्लाजा पर SUV से टकराई थी कार

द ग्रेट खली की हरियाणा के पानीपत में टोल प्लाजा के पास कार से टक्कर हो गई. हादसे में वह सुरक्षित रहे.

X
Ashutosh Rai

WWE के मशहूर रेसलर द ग्रेट खली शनिवार को हरियाणा के पानीपत में सड़क हादसे का शिकार हो गए. उनकी SUV टोल प्लाजा पर एक कार से टकरा गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खली ने वीडियो जारी कर बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं और हादसा मामूली था.

हादसे के बाद खली ने खुद दी जानकारी

द ग्रेट खली ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताया कि हादसे के बाद उन्हें लगातार फोन और मैसेज मिल रहे थे. उन्होंने कहा कि दुर्घटना मामूली थी और उन्हें कोई चोट नहीं आई. खली ने बताया कि वह इसे बड़ा मामला नहीं बनाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने तुरंत जानकारी नहीं दी. हादसे का वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने अपनी स्थिति साफ की. उन्होंने फैंस को बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और लोगों से चिंता न करने की अपील की.


वायरल वीडियो में नजर आए खली

हादसे का वीडियो सामने आने के बाद घटना की तस्वीर साफ हुई. वीडियो में एक सफेद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है. वहीं खली हादसे के बाद खुद चलते हुए नजर आए और एक दूसरी काली स्कॉर्पियो में बैठ गए. इससे साफ संकेत मिलता है कि वह हादसे में सुरक्षित बच गए. सोशल मीडिया पर वीडियो फैलने के बाद उनके फैंस काफी चिंतित हुए, जिसके बाद खली ने खुद सामने आकर अपनी सेहत की जानकारी दी.

WWE से फिल्मों तक ऐसा रहा सफर

द ग्रेट खली यानी दलीप सिंह ने 2000 में प्रोफेशनल रेसलिंग शुरू की थी. 2006 में उन्होंने WWE में कदम रखा और अंडरटेकर, जॉन सीना, बतिस्ता और ट्रिपल एच जैसे बड़े सितारों के साथ मुकाबले किए. रेसलिंग के अलावा उन्होंने फिल्मों और टीवी शोज में भी काम किया। वह ‘द लॉन्गेस्ट यार्ड’, ‘गेट स्मार्ट’, ‘कुश्ती’ और ‘रामा: द सेवियर’ जैसी फिल्मों में नजर आए. उन्होंने ‘द कपिल शर्मा शो’ समेत कई लोकप्रिय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया.