फिर अटकी थलपति विजय की जन नायकन, जानें क्यों अचानक कैंसिल हुई CBFC स्क्रीनिंग

थलपति विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म जन नायकन की रिलीज एक बार फिर अटकती नजर आ रही है. CBFC की रिवाइजिंग कमिटी के सामने होने वाली स्क्रीनिंग अचानक कैंसिल हो गई है, जिससे फिल्म की रिलीज डेट पर सवाल खड़े हो गए हैं.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: साउथ सुपरस्टार विजय की फिल्म जन नायकन का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं. लेकिन अब फिल्म की रिलीज एक बार फिर मुश्किल में पड़ती दिखाई दे रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को 9 मार्च को दोपहर करीब दो बजे सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन की रिवाइजिंग कमिटी के सामने दिखाया जाना था. इस स्क्रीनिंग से यह तय होना था कि फिल्म को क्लियरेंस मिलती है या नहीं. हालांकि आखिरी समय में यह स्क्रीनिंग कैंसिल कर दी गई जिससे फिल्म के शेड्यूल पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार स्क्रीनिंग अचानक इसलिए टाल दी गई क्योंकि रिवाइजिंग कमिटी के एक सदस्य की तबीयत खराब हो गई. इस वजह से पूरी स्क्रीनिंग को पोस्टपोन करना पड़ा. अब फिल्म की समीक्षा के लिए एक नई तारीख तय की जाएगी. इस देरी का असर फिल्म की संभावित रिलीज डेट पर भी पड़ सकता है. खबरें थीं कि मेकर्स फिल्म को 19 मार्च के आसपास रिलीज करने की योजना बना रहे थे.

CBFC के साथ चल रहा है विवाद

जन नायकन पहले से ही सेंसर बोर्ड के साथ विवाद में फंसी हुई है. शुरुआत में CBFC ने फिल्म में कुछ छोटे कट्स का सुझाव दिया था. लेकिन बाद में एक शिकायत मिलने के बाद बोर्ड ने फिल्म को रिवाइजिंग कमिटी के पास भेज दिया. इसके कारण फिल्म की रिलीज अनिश्चित समय के लिए टाल दी गई. फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने क्लियरेंस के लिए मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था.

कोर्ट केस भी बना देरी की वजह

मद्रास हाई कोर्ट के एक सिंगल जज ने शुरुआत में फिल्म के पक्ष में फैसला दिया था. हालांकि बाद में CBFC की अपील के बाद इस फैसले पर स्टे लग गया. फिलहाल यह मामला अभी भी कोर्ट में चल रहा है. इसी वजह से फिल्म की रिलीज को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है.

हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान विजय ने भी फिल्म को लेकर चल रही मुश्किलों पर बात की थी. उन्होंने कहा कि फिल्म के सामने आने वाली चुनौतियां उनकी करूर रैली के बाद शुरू हुईं. इस दौरान उन्होंने अपने फैंस का समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी दिया.