'खुद को खोने से बेहतर है हारना...', वीर पहाड़िया संग ब्रेकअप की अफवाहों पर तारा सुतारिया ने तोड़ी चुप्पी

तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया के ब्रेकअप की चर्चाओं के बीच एक्ट्रेस ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की है. एक इंटरव्यू में तारा ने कहा कि उन्होंने अपनी शांति को प्राथमिकता देना सीख लिया है और खुद को खोने से बेहतर वह किसी मौके को छोड़ना पसंद करेंगी.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: एक्ट्रेस तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया ने 2025 में एक दूसरे को डेट करना शुरू किया था. जुलाई 2025 में दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया. हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला. पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के मुंबई कॉन्सर्ट से जुड़े विवाद के बाद दोनों के ब्रेकअप की खबरें सामने आने लगीं. हालांकि अब तक तारा या वीर की तरफ से इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

हाल ही में एले इंडिया को दिए इंटरव्यू में तारा सुतारिया ने अपनी मानसिक स्थिति को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि अगर आज उनमें कुछ बदला हुआ नजर आता है तो वह है शांति के साथ उनका रिश्ता. तारा ने साफ कहा कि उन्होंने अब अपनी शांति की रक्षा करना सीख लिया है, जो पहले उनके लिए आसान नहीं था.

ब्रेकअप की अफवाहों के बाद तारा का इंटरव्यू

तारा ने बताया कि जब उन पर रचनात्मक दबाव बढ़ता है, तो वह बाहर भागने के बजाय खुद के भीतर झांकना पसंद करती हैं. आत्मचिंतन, अकेले रहना या कभी कभी बिल्कुल कुछ न करना उनके लिए खुद को संभालने का तरीका है. उनके मुताबिक नर्वस सिस्टम को शांत रखने का यही एकमात्र रास्ता है.

इंटरव्यू में तारा ने अपने करियर को लेकर भी अहम बात कही. उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे जरूरी हमेशा अपने मूल्यों को चुनना रहा है. उन्होंने कई बार अच्छे प्रोजेक्ट्स को भी ठुकराया क्योंकि वह उनके स्वभाव और सोच से मेल नहीं खाते थे. तारा के शब्दों में वह खुद को खोने से बेहतर एक फिल्म खो देना पसंद करेंगी.

सच्चाई जानना ही काफी है

तारा ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि बाहर क्या कहा जा रहा है. जब तक उन्हें और उनके सबसे करीबी लोगों को सच्चाई पता है, वही उनके लिए काफी है. यह बयान साफ करता है कि वह अफवाहों से ज्यादा अपनी मानसिक शांति को अहमियत दे रही हैं.

हाल ही में मुंबई में हुई वीर पहाड़िया की बर्थडे पार्टी में तारा सुतारिया नजर नहीं आईं. इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पर वीर को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी नहीं दीं. इससे पहले वह नूपुर सैनन और स्टेबिन बेन के वेडिंग रिसेप्शन में भी अकेले ही पहुंची थीं. इन घटनाओं के बाद ब्रेकअप की चर्चाएं और तेज हो गईं.