मुंबई: लंबे समय से लोकप्रिय टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में दयाबेन का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दिशा वकानी पर मुसीबतों का साया छा गया है. उनकी जिंदगी में एक बड़ा सदमा आया है. दिशा के पिता और वेटरन अभिनेता भीम वकानी का 7 अप्रैल को अहमदाबाद में निधन हो गया. यह दुखद खबर शो के प्रोड्यूसर असीत कुमार मोदी ने खुद कन्फर्म की.
भीम वकानी काफी समय से बीमार चल रहे थे. सुबह ही असीत मोदी को उनके निधन की जानकारी मिली. इस खबर से पूरा परिवार शोक में डूब गया है. दिशा वकानी और उनके परिवार को इस मुश्किल वक्त में बहुत सारा प्यार और सपोर्ट मिल रहा है.
भीम वकानी सिर्फ एक पिता ही नहीं थे, बल्कि एक बेहतरीन कलाकार, पेंटर और डायरेक्टर भी थे. उन्होंने गुजराती थिएटर में लंबा सफर तय किया. बॉलीवुड में भी उन्होंने काम किया. आमिर खान की फिल्म लगान और शाहरुख खान की फिल्म स्वदेश में उन्होंने छोटी-मोटी भूमिकाएं निभाई थीं. इन फिल्मों में काम करके उन्होंने साबित कर दिया था कि गुजराती कलाकार भी बड़े पर्दे पर छा सकते हैं.
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में भी भीम वकानी एक एपिसोड में नजर आए थे. उन्होंने दयाबेन के ससुर चंपकलाल गड़ा के दोस्त का रोल किया था. असीत मोदी ने बताया कि भीम वकानी उनके बहुत करीबी थे. वे परिवार जैसे थे. जब भी मुंबई आते थे तो असीत के घर जरूर आते थे. साथ में घूमने जाते थे. असीत मोदी ने कहा- 'भीम वकानी खुद एक अच्छे पेंटर, एक्टर और डायरेक्टर थे. दिशा को दयाबेन का रोल मिलने में उनका बहुत बड़ा योगदान था. दिशा के करियर को बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. उनका जाना ऐसा लग रहा है जैसे मेरे अपने परिवार का कोई सदस्य चला गया हो.'
दिशा वकानी को बचपन से ही थिएटर की दुनिया से जोड़ा उनके पिता ने. भीम वकानी ने ही दिशा को एक्टिंग की तरफ प्रेरित किया. दिशा ने गुजरात कॉलेज से ड्रामेटिक आर्ट्स में ग्रेजुएशन किया और फिर छोटे-छोटे प्ले से शुरूआत की. तारक मेहता का उल्टा चश्मा में दयाबेन बनकर वे घर-घर में मशहूर हो गईं. उनका कॉमिक टाइमिंग और इमोशनल सीन आज भी दर्शकों को याद हैं. भीम वकानी का निधन होने से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.