menu-icon
India Daily

जौहर रेप सर्वाइवर ने नहीं किया था... पद्मावत के जौहर सीन पर बोलकर ट्रोल हुईं स्वरा भास्कर, भड़के यूजर्स

स्वरा भास्कर ने दिल्ली के एक कार्यक्रम में ‘पद्मावत’ के जौहर दृश्य पर सवाल उठाए. उन्होंने महिलाओं की जिंदगी, सम्मान और यौन हिंसा को लेकर अपनी बात रखी.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
जौहर रेप सर्वाइवर ने नहीं किया था... पद्मावत के जौहर सीन पर बोलकर ट्रोल हुईं स्वरा भास्कर, भड़के यूजर्स
Courtesy: X

स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 2018 में संजय लीला भंसाली को लिखे खुले पत्र का भी जिक्र किया. स्वरा ने बताया कि ‘पद्मावत’ में जौहर का दृश्य देखने के बाद वह काफी परेशान हुई थी. उनके सवालों पर सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई.

‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर स्वरा का सवाल

दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा भास्कर ने ‘पद्मावत’ के जौहर दृश्य को लेकर अपनी राय रखी. उन्होंने फिल्म में करीब 800 महिलाओं के जौहर दिखाए जाने पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर किसी महिला के साथ यौन हिंसा होती है, तो क्या उसकी जिंदगी वहीं खत्म मान ली जानी चाहिए. उन्होंने यह भी सवाल किया कि सम्मान बचाने के लिए अपनी जान देना कितना सही है. स्वरा की इसी बात पर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स नाराज हो गए. कुछ लोगों ने कहा कि जौहर को उस दौर की परिस्थितियों और इतिहास के संदर्भ में समझना चाहिए.

यूजर्स ने कहा- ऐतिहासिक घटना को आज के नजरिए से न देखें

स्वरा के बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिली. कुछ यूजर्स ने जौहर को महिलाओं के सम्मान, साहस और आत्मसम्मान से जुड़ी ऐतिहासिक घटना बताया. वहीं कुछ लोगों ने स्वरा पर इतिहास को गलत तरीके से देखने का आरोप लगाया. एक वर्ग का कहना था कि उस समय की परिस्थितियां आज से बिल्कुल अलग थी, इसलिए उस घटना को वर्तमान सोच के आधार पर समझना ठीक नहीं होगा. इस बहस के बीच कई यूजर्स ने स्वरा से इतिहास से जुड़े तथ्यों को ध्यान में रखकर बयान देने की अपील भी की.

भंसाली को पहले भी लिख चुकी हैं खुला पत्र

स्वरा ने कार्यक्रम में यह भी बताया कि ‘पद्मावत’ देखने के बाद उन्होंने निर्देशक संजय लीला भंसाली को खुला पत्र लिखा था. 2018 में लिखे उस पत्र में उन्होंने जौहर के फिल्मांकन को लेकर अपनी आपत्ति जताई थी. उनका कहना था कि फिल्म में महिलाओं को उनकी पहचान से ज्यादा शरीर तक सीमित करने जैसा भाव दिखाई दिया. उस समय भी उनके बयान पर काफी विवाद हुआ था. स्वरा पिछले कुछ वर्षों में अपने सार्वजनिक बयानों के कारण कई बार आलोचना का सामना कर चुकी हैं. काम की बात करें तो वह हाल में ‘पति पत्नी और पंगा’ शो में अपने पति के साथ नजर आई थी.