बॉलीवुड स्टार अजय देवगन अब टीवी पर भी अपनी नई पारी शुरू कर चुके हैं. उन्होंने सोनी टीवी के क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ की कमान संभाली है. इससे पहले शो को अनूप सोनी होस्ट करते थे. अजय की कथित 90 करोड़ रुपये की डील ने टीवी होस्ट की फीस को लेकर चर्चा बढ़ा दी है.
अजय देवगन ने ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए होस्ट के तौर पर दर्शकों के सामने एंट्री की है. रिपोर्ट्स के अनुसार, शो के लिए उनकी डील 15 एपिसोड की है और इसके बदले उन्हें करीब 90 करोड़ रुपये मिलने की बात कही जा रही है. इस हिसाब से एक एपिसोड की फीस लगभग 6 करोड़ रुपये बैठती है. अजय से पहले इस शो की मेजबानी अनूप सोनी करते थे. अजय की टीवी पर पहली बड़ी होस्टिंग को लेकर उनके फैंस के बीच भी काफी उत्सुकता है.
अजय की भारी फीस के बावजूद वह टीवी के सबसे महंगे होस्ट नहीं बन पाए हैं. इस मामले में सलमान खान का नाम सबसे ऊपर बताया जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बिग बॉस’ के अलग-अलग सीजन में सलमान की फीस काफी बदली है. एक दौर में उन्हें हर एपिसोड के लिए करीब 2.5 करोड़ रुपये मिलते थे. वहीं बाद में भुगतान हफ्ते के हिसाब से होने लगा. कुछ सीजन में उनकी फीस 10 से 15 करोड़ रुपये प्रति सप्ताह तक बताई गई, जिससे पूरे सीजन की कमाई 100 करोड़ रुपये से काफी ऊपर पहुंच सकती थी.
सलमान के बाद अमिताभ बच्चन का नाम भी टीवी के महंगे होस्ट में लिया जाता है।.‘कौन बनेगा करोड़पति’ के लिए उन्हें करीब 100 करोड़ रुपये प्रति सीजन मिलने की रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं. वहीं करण जौहर और रोहित शेट्टी भी बड़े नाम हैं. ‘कॉफी विद करण’ के लिए करण की फीस करीब 25 करोड़ रुपये बताई जाती है. वहीं ‘खतरों के खिलाड़ी’ के लिए रोहित शेट्टी को करीब 12-15 करोड़ रुपये मिलने की खबरें रही हैं. हालांकि ये सभी आंकड़े मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं.