'रामायण' के लक्ष्मण सुनील लहरी को नहीं पसंद आया रणबीर कपूर के 'प्रभु राम' का लुक! जानें कैसा दिया रिव्यू
नितेश तिवारी की फिल्म रामायण के टीजर के बाद विवाद बढ़ता नजर आ रहा है. रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण बने सुनील लहरी ने रणबीर कपूर की कास्टिंग पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि उनमें भगवान राम जैसी मासूमियत की कमी है.
मुंबई: रामायण का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है. जहां एक तरफ कई दर्शकों ने इसके भव्य विजुअल्स की तारीफ की, वहीं दूसरी तरफ VFX और कास्टिंग को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं. सबसे ज्यादा चर्चा भगवान राम के किरदार को लेकर हो रही है, जिसे रणबीर कपूर निभा रहे हैं.
रामानंद सागर की मशहूर रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने इस पर अपनी राय दी है. उन्होंने कहा कि वह टीजर के VFX पर टिप्पणी नहीं करना चाहते क्योंकि यह सिर्फ एक झलक है, लेकिन कुछ बातें ऐसी हैं जिनसे वह नाराज हैं. उनका मानना है कि भगवान राम जैसे किरदार के लिए जिस मासूमियत और शांति की जरूरत होती है, वह रणबीर कपूर में कम नजर आती है.
रणबीर कपूर पर क्या बोले सुनील लहरी
सुनील लहरी ने साफ कहा कि रणबीर कपूर एक अच्छे एक्टर हैं, लेकिन उनके चेहरे और व्यक्तित्व में वह सहजता और शांति नहीं दिखती जो भगवान राम के किरदार के लिए जरूरी है. उन्होंने कहा कि अरुण गोविल ने जब राम का किरदार निभाया था, तो उसमें धैर्य और मासूमियत साफ झलकती थी. इसके मुकाबले रणबीर थोड़ा कठोर दिखाई देते हैं, जिससे यह किरदार उतना प्रभावी नहीं लग रहा.
नई कास्टिंग पर भी उठे सवाल
सुनील लहरी का मानना है कि ऐसे धार्मिक और पवित्र किरदारों के लिए नए चेहरों को मौका देना ज्यादा सही होता है. उन्होंने कहा कि नए कलाकार के पास कोई पुरानी छवि नहीं होती, जिससे दर्शक उसे आसानी से उस किरदार के रूप में स्वीकार कर लेते हैं. वहीं रणबीर कपूर की पिछली फिल्म एनिमल में उनका हिंसक किरदार भी लोगों के मन में ताजा है, जो इस रोल के साथ मेल नहीं खाता.
नितेश तिवारी की डायरेक्टेड यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताई जा रही है. करीब 4000 करोड़ के बजट में बन रही यह फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी. पहला भाग अक्टूबर 2026 में और दूसरा भाग 2027 में रिलीज किया जाएगा. इस फिल्म में कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं. यश रावण के किरदार में दिखेंगे, जबकि साई पल्लवी सीता का रोल निभा रही हैं. वहीं सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे.
और पढ़ें
- 16वें दिन भी नहीं रुका 'धुरंधर 2' का तूफान, जानें 1000 करोड़ क्लब से कितना दूर है रणवीर सिंह की फिल्म
- 332 करोड़ की मालकिन... भूख से हुई मौत, 80s की इस बॉलीवुड एक्ट्रेस ने अमिताभ बच्चन पर कर दिया था केस
- रश्मिका मंदाना शादी के एक महीने बाद ही हुई प्रेग्नेंट? विजय देवरकोंडा संग वीडियो शेयर कर बोलीं- 'अब हम 3 हो गए...'