Shilpa Shetty Birthday: करोड़ों का बंगला, लग्जरी कारें... फिल्मों से ज्यादा इन कारोबारों से होती है शिल्पा शेट्टी की तगड़ी कमाई

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी आज करोड़ों रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं. फिल्मों के अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट, टीवी शो, बिजनेस और निवेश के जरिए भी उनकी शानदार कमाई होती है. जन्मदिन के मौके पर जानिए उनकी नेटवर्थ और लग्जरी लाइफस्टाइल के बारे में.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड की फिटनेस आइकन और जानी मानी एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं. 90 के दशक में अपनी खूबसूरती और शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाली शिल्पा आज भी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे चर्चित हस्तियों में शामिल हैं. फिल्मों में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने अपनी पहचान केवल एक्ट्रेस तक सीमित नहीं रखी. आज वह एक सफल उद्यमी, निवेशक और टेलीविजन स्टार के रूप में भी जानी जाती हैं. यही वजह है कि उनकी कमाई के कई स्रोत हैं और वह करोड़ों रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं.

कितनी है शिल्पा शेट्टी की कुल संपत्ति?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिल्पा शेट्टी की कुल नेटवर्थ लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जाती है. कई सालों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रहने के साथ साथ उन्होंने बिजनेस और निवेश के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाई है. उनकी संपत्ति में आलीशान घर, लग्जरी गाड़ियां, निवेश और कई व्यावसायिक हिस्सेदारियां शामिल हैं. शिल्पा शेट्टी अपने परिवार के साथ मुंबई के जुहू इलाके में स्थित अपने शानदार बंगले किनारा में रहती हैं.  यह बंगला अपनी भव्यता और खूबसूरत डिजाइन के लिए काफी चर्चित है. रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जाती है. मुंबई के अलावा उनके पास दुबई और UK में भी लग्जरी संपत्तियां मौजूद हैं, जो उनकी कुल संपत्ति को और मजबूत बनाती हैं.

लग्जरी कारों का शानदार कलेक्शन

शिल्पा शेट्टी को महंगी और लग्जरी कारों का बेहद शौक है. उनके कार कलेक्शन में दुनिया की कई मशहूर कंपनियों की गाड़ियां शामिल हैं. उनके पास फेरारी पोर्टोफिनो एम, लैम्बोर्गिनी एवेंटाडोर, BMW आई8, मर्सिडीज मेबैक जीएलएस 600, मर्सिडीज एएमजी जी63, रेंज रोवर ऑटोबायोग्राफी, पोर्श कायेन जीटीएस और कई अन्य लग्जरी वाहन मौजूद हैं. इन कारों की कुल कीमत करोड़ों रुपये में बताई जाती है.

ऐड से होती है मोटी कमाई

फिल्मों के अलावा शिल्पा शेट्टी की कमाई का बड़ा हिस्सा ब्रांड एंडोर्समेंट से आता है. वह कई बड़ी कंपनियों और प्रोडक्ट के प्रमोशन करती हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार एक विज्ञापन के लिए वह लगभग एक करोड़ रुपये तक शुल्क लेती हैं. उनकी लोकप्रियता और विश्वसनीय छवि के कारण कई बड़े ब्रांड उनके साथ काम करना पसंद करते हैं.

शिल्पा शेट्टी लंबे समय से टेलीविजन की दुनिया में सक्रिय हैं. वह कई लोकप्रिय रियलिटी शो में जज की भूमिका निभा चुकी हैं. सुपर डांसर और इंडियाज गॉट टैलेंट जैसे बड़े कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी दर्शकों को काफी पसंद आई है.