menu-icon
India Daily

शाहरुख खान की 'चक दे इंडिया' फेम रमाकांत दायमा का निधन, 69 वर्ष की आयु में दिग्गज एक्टर ने दुनिया को कहा अलविदा

लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे दिग्गज एक्टर रमाकांत दायमा मुंबई में आखिरी सांस ली. उनके निधन की खबर से फिल्म, टीवी और थिएटर जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.

antima
Edited By: Antima Pal
शाहरुख खान की 'चक दे इंडिया' फेम रमाकांत दायमा का निधन, 69 वर्ष की आयु में दिग्गज एक्टर ने दुनिया को कहा अलविदा
Courtesy: x

Ramakant Dayama Dies: दिग्गज अभिनेता रमाकांत दायमा का सोमवार, 26 मई को 69 वर्ष की आयु में निधन हो गया. लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे रमाकांत दायमा मुंबई में आखिरी सांस ली. उनके निधन की खबर से फिल्म, टीवी और थिएटर जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. अभिनेता के निधन की पुष्टि उनकी घनिष्ठ मित्र और अभिनेत्री शुभांगी लाटकर ने की.

दिग्गज एक्टर रमाकांत दायमा का निधन

शुभांगी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए रमाकांत दायमा को याद किया. पोस्ट के साथ उन्होंने एक पुराना वीडियो भी शेयर किया, जिसमें रामकांत जी दोस्तों के साथ गा रहे हैं, नाच रहे हैं और जीवन का पूरा आनंद लेते नजर आ रहे हैं. 

शुभांगी लाटकर ने लिखा- 'आज हमने एक बेहद खूबसूरत आत्मा को खो दिया है. मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती. रमाकांत दायमा मेरे सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य नहीं थे, बल्कि वह व्यक्ति थे जिन्हें मैं बेहद सम्मान और प्रशंसा की नजर से देखती थी. जीवन से भरपूर, गर्मजोशी और ऊर्जा से भरे हुए. हर चुनौती के बावजूद वे जीवन का मजा लेना जानते थे. सहज नर्तक, आत्मीय गायक, शानदार अभिनेता और मेरे लिए एक बुद्धिमान सलाहकार, जिनके हर शब्द में गहराई होती थी.'

सेलेब्स ने जताया दुख

रमाकांत दायमा को हिंदी सिनेमा, टेलीविजन धारावाहिकों और थिएटर में अपने काम के लिए जाना जाता था. कई दशकों तक उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से दर्शकों का मनोरंजन किया. छोटी-बड़ी भूमिकाओं में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले रमाकांत जी अपनी सहज अभिनय शैली और सकारात्मक व्यक्तित्व के लिए लोकप्रिय थे. उनके निधन पर उद्योग के कई नामी कलाकारों ने दुख जताया है. 

शुभांगी लाटकर की पोस्ट के बाद फैंस और सहकर्मी लगातार श्रद्धांजलि दे रहे हैं. कई लोगों ने उन्हें 'सच्चे अर्थों में जीवन का आनंद लेने वाले कलाकार' बताया. रमाकांत ने हमेशा यह साबित किया कि चुनौतियों के सामने भी मुस्कुराना और जीवन को पूरे जोश से जीना कितना जरूरी है. उनकी यादें, उनके गीत, नृत्य और भूमिकाएं हमेशा उनके प्रशंसकों के दिलों में बसी रहेंगी.