ईद 2027 पर सलमान खान का सरप्राइज ऐलान, फिर मचने वाला है बॉक्स ऑफिस पर तूफान

सलमान खान ने अपनी अगली फिल्म के लिए ईद 2027 की रिलीज डेट तय कर दी है. इस फिल्म में उनके साथ नयनतारा नजर आएंगी और इसे वामशी पेडिपल्ली डायरेक्ट कर रहे हैं. फैंस में इस ऐलान के बाद जबरदस्त उत्साह है.

X
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड में 'भाईजान' के नाम से पहचाने जानें वाले एक्टर सलमान खान ने एक बार फिर ईद को अपने नाम करने की तैयारी कर ली है. एक साल के अंतराल के बाद उन्होंने अपनी अगली फिल्म के लिए ईद 2027 की रिलीज डेट लॉक कर दी है. सलमान खान और ईद का रिश्ता बॉलीवुड में हमेशा खास रहा है. उनकी कई फिल्मों ने इस मौके पर बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे में यह ऐलान फैंस के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है.

इस फिल्म में सलमान खान के साथ साउथ सिनेमा की एक्ट्रेस नयनतारा नजर आने वाली हैं. यह पहली बार होगा जब दोनों बड़े सितारे एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे. नयनतारा साउथ फिल्म इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक हैं और उनकी मौजूदगी फिल्म को और खास बना रही है.

वामशी पेडिपल्ली करेंगे डायरेक्ट

इस प्रोजेक्ट को वामशी पेडिपल्ली डायरेक्ट कर रहे हैं. वामशी अपने स्टाइलिश और इमोशनल स्टोरीटेलिंग के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में सलमान खान और उनके साथ उनकी यह फिल्म एक बड़े पैमाने की एंटरटेनर मानी जा रही है. सलमान खान ने इस फिल्म का ऐलान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किया.

उन्होंने अपने खास अंदाज में फैंस को संदेश देते हुए लिखा, 'थोड़ा डर की सोचना चाहिए, इसीलिए ईद की घोषणा की गई... चिंता मत करो इस वाली का भी बताएंगे, जब समय सही होगा... धैर्य, थोड़ा सा सबर... मेरे जितना वह इंतजार करना पड़ेगा, बहरहाल जो आपका हाल है वह वही मेरा भी हाल है... हाहा' उनका यह अंदाज हमेशा की तरह फैंस को पसंद आया और पोस्ट तेजी से वायरल हो गया.

फैंस में बढ़ी एक्साइटमेंट

इस घोषणा के बाद सलमान खान के फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. सोशल मीडिया पर लोग फिल्म को लेकर अपने रिएक्शन साझा कर रहे हैं और पहले से ही इसे ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं. ईद रिलीज और सलमान खान का कॉम्बिनेशन पहले भी कई बार सफल साबित हो चुका है.

फिलहाल फिल्म की कहानी और टाइटल को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, जिस तरह का स्टार कास्ट और डायरेक्टर जुड़ा है, उससे उम्मीद की जा रही है कि यह एक बड़े बजट की एंटरटेनर फिल्म होगी. फैंस अब इस फिल्म से जुड़ी हर अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.