T20 World Cup 2026

खतरे में बॉलीवुड? सलमान खान के जीजा को मिली धमकी, खूंखार लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने

आयुष शर्मा या सलमान खान की तरफ से पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इसके बावजूद पुलिस ने एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

Anuj

मुंबई: बॉलीवुड से एक बार फिर धमकी का मामला सामने आया है, जिससे फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल बन गया है. इस बार सुपरस्टार सलमान खान के जीजा और अभिनेता आयुष शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है.

बताया जा रहा है कि आयुष शर्मा को यह धमकी प्रोटॉनमेल के जरिए भेजे गए एक ईमेल के माध्यम से मिली है. धमकी भेजने वाले व्यक्ति ने अपने संदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल किया है और खुद को उसी से जुड़ा बताया है.

सलमान खान के जीजा को धमकी

11 फरवरी को दिन में यह खबर सामने आई थी कि सलमान खान के एक बेहद करीबी रिश्तेदार को ईमेल के जरिए धमकाया गया है. अब साफ हो गया है कि यह रिश्तेदार कोई और नहीं बल्कि सलमान की छोटी बहन अर्पिता खान शर्मा के पति आयुष शर्मा हैं. ईमेल में कथित तौर पर करोड़ों रुपये की मांग की गई है, हालांकि इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.

आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई

इस मामले में अभी तक आयुष शर्मा या सलमान खान की तरफ से पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इसके बावजूद पुलिस ने एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी असली है या किसी शरारती तत्व की हरकत.

रणवीर सिंह को भी धमकाया गया

आयुष शर्मा से पहले बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को भी धमकी मिलने की खबर सामने आई थी. सूत्रों के मुताबिक, रणवीर सिंह को व्हाट्सऐप वॉइस नोट के जरिए धमकाया गया था और उनसे भी बड़ी रकम की मांग की गई थी. धमकी मिलने के बाद रणवीर सिंह ने तुरंत इस मामले की जानकारी मुंबई पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने उनके घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और एहतियाती कदम उठाए गए. इस धमकी में भी भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था.

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग

बीते कुछ महीनों में बॉलीवुड से जुड़े कई बड़े नामों को धमकियां मिल चुकी हैं. सिर्फ धमकी ही नहीं बल्कि कई सितारों के घर, ऑफिस या उनसे जुड़े स्थानों के बाहर फायरिंग की घटनाएं भी सामने आई हैं. सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी का मामला काफी चर्चा में रहा था, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी. इसके अलावा कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर भी कई बार फायरिंग की जा चुकी है. हाल ही में मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी गोली चलने की घटना सामने आई थी.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने

इन सभी घटनाओं में एक ही गैंग का नाम सामने आना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है. पुलिस इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है, ताकि फिल्मी सितारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और ऐसे मामलों पर जल्द से जल्द लगाम लगाई जा सके.