शेर की तरह चलकर तैमूर के साथ हॉस्पिटल पहुंचे थे सैफ अली खान, डॉक्टर बोले- 'असली हीरो'

डॉक्टरों ने कहा कि जानलेवा हमले के बाद सैफ खून से लथपथ थे लेकिन इसके बावजूद वह शेर की तरह हॉस्पिटल चलकर आए थे. एक्टर के साथ उनके बेटे तैमूर भी थे.

social media
Antima Pal

Saif Ali Khan Attack: सैफ अली खान का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने शुक्रवार को कहा कि एक्टर बाल-बाल बच गए, क्योंकि चाकू उनकी रीढ़ की हड्डी से सिर्फ़ 2 मिलीमीटर दूर जाकर लगा. एक दिन पहले मुंबई में उनके घर पर एक चोर ने उन पर कई बार चाकू से वार किया था. डॉक्टरों ने कहा कि भले ही सैफ खून से लथपथ थे, लेकिन "वे एक शेर की तरह चल रहे थे," उन्होंने उन्हें असल ज़िंदगी में "हीरो" बताया है. 

शेर की तरह चलकर हॉस्पिटल पहुंचे थे सैफ

सैफ अली खान को लेकर डॉक्टर ने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है. सैफ का ऑपरेशन करने वाले न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है और एक्टर "बहुत भाग्यशाली" हैं. 
वह ठीक है और उन्होंने आज चलना भी शुरू कर दिया है. 

बता दें कि सैफ को गर्दन के दाहिने हिस्से से निचले जबड़े तक 10 से 15 सेंटीमीटर लंबा कट लगा था. उनके दाहिने कंधे पर 3 से 5 सेंटीमीटर लंबा कट भी लगा था. उनकी पीठ के बाईं ओर एक गहरा घाव था और उनकी बाईं कलाई पर भी लगभग एक सेंटीमीटर लंबा कट था. इसके अलावा, उनकी बाईं कोहनी पर एक छोटा सा खरोंच था.

सैफ को दी गई आराम करने की सलाह

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने आगे कहा कि सैफ को अगले तीन दिनों में छुट्टी दे दी जाएगी. डॉ. डांगे ने कहा कि सैफ को पहले ही आईसीयू से निकालकर एक विशेष कमरे में ले जाया गया है. उन्होंने कहा कि सैफ को आराम करने की सलाह दी गई है.  लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि यह तैमूर ही था जो इस घटना की रात अपने पिता के साथ आया था.

बता दें कि 54 वर्षीय सैफ की गुरुवार को सर्जरी की गई. प्लास्टिक सर्जनों की एक टीम ने उनके बाएं हाथ और गर्दन पर दो गहरे घावों का इलाज किया. गुरुवार की सुबह सैफ के बांद्रा स्थित घर में घुसे एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर कम से कम छह बार चाकू से वार किया था.