Holi 2026

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में नेपाल से जुड़े तार, शूटर्स को कहां से मिली थी फंडिंग का भी हुआ खुलासा

पुलिस को शक है कि यह हमला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. जांच में नेपाल से फंडिंग के सुराग मिले हैं. कुछ फंडिंग रूट नेपाल से जुड़े होने के क्लू मिले हैं. साथ ही 'आगरा मॉड्यूल' का भी कनेक्शन सामने आ रहा है, जिसकी जांच तेज की जा रही है.

x
Antima Pal

मुंबई: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर 31 जनवरी 2026 को हुई फायरिंग की घटना ने बॉलीवुड में हड़कंप मचा दिया था. अब जांच में बड़े खुलासे हो रहे हैं. मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वित्तीय ट्रेल का पता लगाया है, जिसमें शूटर्स को उनके बैंक अकाउंट में सीधे पैसे ट्रांसफर किए गए थे. बाद में वे एटीएम से कैश निकालकर इस्तेमाल करते थे, ताकि तुरंत पता न चले.

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में नेपाल से जुड़े तार

रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी शूटर्स के अकाउंट में एक अज्ञात व्यक्ति ने पैसे जमा किए थे. बैंक से पूरी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और अकाउंट डिटेल्स मांगी गई हैं. इससे पुलिस को शक है कि यह हमला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. जांच में नेपाल से फंडिंग के सुराग मिले हैं. कुछ फंडिंग रूट नेपाल से जुड़े होने के क्लू मिले हैं. साथ ही 'आगरा मॉड्यूल' का भी कनेक्शन सामने आ रहा है, जिसकी जांच तेज की जा रही है.

शूटर्स को कहां से मिली थी फंडिंग का भी हुआ खुलासा

यह घटना लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी बताई जा रही है. गैंग ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी ली थी. शुभम लोनकर नामक सदस्य ने पोस्ट किया था. हमले के बाद गैंग ने रणवीर सिंह को भी धमकी दी थी. एक वॉइस नोट में 'हरी बॉक्सर' ने रणवीर और रोहित शेट्टी को टारगेट करते हुए कहा था कि अगर वे 'लाइन पर' नहीं आए तो उनकी सात पीढ़ियों का बुरा हाल किया जाएगा. रणवीर पर सलाह देने का शौक होने का ताना भी मारा गया था.

पुलिस ने अब तक कई आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जिनमें मुख्य शूटर दीपक शर्मा भी शामिल है. कुछ आरोपी आगरा, नोएडा, हरियाणा और पुणे से पकड़े गए. जांच में पता चला कि कुछ लोगों को हिंदुत्व के नाम पर 'मिशन' का लालच देकर और जल्दी अमीर बनने का वादा करके भड़काया गया. उन्हें कुछ लाख रुपये का लालच दिया गया था. मुख्य शूटर को 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे. 

मुंबई पुलिस ने MCOCA लगाकर मामले को संगठित अपराध का रूप दिया है. कई स्पेशल टीमों का गठन किया गया है. रोहित शेट्टी उस समय घर पर थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई. घटना के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. यह मामला अब सिर्फ रंगदारी या धमकी से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय साजिश की ओर इशारा कर रहा है. नेपाल और आगरा कनेक्शन से जुड़े सुराग जांच को नई दिशा दे रहे हैं. बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि पहले सलमान खान के घर पर भी बिश्नोई गैंग ने फायरिंग की थी. पुलिस मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.