'डॉन 3' विवाद गरमाया! FWICE के खिलाफ अदालत पहुंचे रणवीर सिंह, थमा दिया लीगल नोटिस
मंगलवार को भेजे गए इस नोटिस में रणवीर ने फेडरेशन के बैन जैसे फैसले का विरोध किया है. सूत्रों के मुताबिक अब FWICE को कोर्ट में इस नोटिस का जवाब देना होगा. कुछ हफ्ते पहले ही रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' से अपना नाम वापस ले लिया था.
Don 3 Controversy: बॉलीवुड का सबसे चर्चित प्रोजेक्ट 'डॉन 3' अब कोर्ट-कचहरी तक पहुंच गया है. फिल्म छोड़ने के बाद रणवीर सिंह पर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया था, जिसके जवाब में अब रणवीर सिंह ने भी बड़ा एक्शन लिया है. अभिनेता ने FWICE को लीगल नोटिस भेज दिया है.
FWICE के खिलाफ अदालत पहुंचे रणवीर सिंह
मंगलवार को भेजे गए इस नोटिस में रणवीर ने फेडरेशन के बैन जैसे फैसले का विरोध किया है. सूत्रों के मुताबिक अब FWICE को कोर्ट में इस नोटिस का जवाब देना होगा. कुछ हफ्ते पहले ही रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' से अपना नाम वापस ले लिया था. शूटिंग शुरू होने में सिर्फ कुछ हफ्ते बाकी थे, तभी यह फैसला सामने आया. फिल्म के प्रोड्यूसर फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी ने FWICE के पास शिकायत की.
इसके बाद फेडरेशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया कि जब तक मामला सुलझ नहीं जाता, उनका कोई भी मेंबर रणवीर के साथ काम नहीं करेगा. FWICE के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने रणवीर को तीन बार मीटिंग के लिए बुलाया, लेकिन वे नहीं पहुंचे. बाद में अभिनेता ने ईमेल भेजकर कहा कि यह मुद्दा उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता. इसी वजह से फेडरेशन ने यह सख्त कदम उठाया.
रणवीर सिंह की टीम ने FWICE के ऐलान के बाद एक बयान जारी किया. इसमें कहा गया- 'रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और डॉन फ्रैंचाइजी से जुड़े हर व्यक्ति का सम्मान करते हैं. हाल के घटनाक्रम में उन्होंने चुप रहना ही बेहतर समझा. वे मानते हैं कि प्रोफेशनल मुद्दों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ सुलझाया जाना चाहिए. कई अफवाहें और कहानियां सामने आईं, लेकिन रणवीर ने कभी पब्लिकली जवाब देना जरूरी नहीं समझा. उनका पूरा फोकस अब अपनी आगामी फिल्मों और काम पर है.'
यह पूरा विवाद बॉलीवुड में काफी चर्चा का विषय बन गया है. एक तरफ फरहान अख्तर की टीम नई लीडिंग एक्टर की तलाश में है, वहीं रणवीर सिंह कानूनी रास्ते से अपना पक्ष रख रहे हैं. 'डॉन' सीरीज की लोकप्रियता को देखते हुए यह विवाद और भी दिलचस्प हो गया है. पहले शाहरुख खान के साथ जुड़ी इस फ्रैंचाइजी में रणवीर को नया डॉन बनने का ऑफर मिला था. अब दोनों पक्षों के बीच यह खींचतान कब खत्म होती है, यह देखना होगा.