संजय कपूर की संपत्ति विवाद में नया ट्विस्ट, मां ने बहु प्रिया पर धोखाधड़ी का लगाया बड़ा आरोप

सोना कॉमस्टार विवाद के बीच संजय कपूर की मां रानी कपूर ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है. उन्होंने अपनी बहू प्रिया कपूर पर आरोप लगाया है कि एक कथित धोखाधड़ी वाले ट्रस्ट के जरिए परिवार की संपत्ति और कंपनियों पर कब्जा किया गया.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: सोना कॉमस्टार से जुड़े विवाद ने अब गंभीर कानूनी मोड़ ले लिया है. संजय कपूर की मां रानी कपूर ने दिल्ली हाई कोर्ट में एक सिविल मुकदमा दायर किया है. उन्होंने अपनी बहू प्रिया कपूर पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि एक फर्जी ट्रस्ट के जरिए परिवार की पूरी संपत्ति और विरासत को गैर कानूनी तरीके से हड़प लिया गया.

ANI और बार एंड बेंच की रिपोर्ट्स के मुताबिक, रानी कपूर ने कोर्ट में कहा है कि प्रिया कपूर ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर एक सुनियोजित साजिश रची. इस साजिश के तहत उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनकी संपत्तियों को एक कथित ट्रस्ट में ट्रांसफर कर दिया गया.

फर्जी ट्रस्ट को बताया विवाद की जड़

रानी कपूर ने अपने मुकदमे में दावा किया है कि आरके फैमिली ट्रस्ट या रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट नाम का ट्रस्ट 26 अक्टूबर 2017 को बनाया गया था. उनके अनुसार यह ट्रस्ट धोखाधड़ी, जालसाजी और अनुचित दबाव का नतीजा है. उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि इस ट्रस्ट को अवैध और शून्य घोषित किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने ट्रस्ट को भंग करने, संपत्ति की वापसी और खातों की पूरी जांच कराने की भी मांग की है.

स्ट्रोक के बाद भरोसे का फायदा उठाने का आरोप

मुकदमे में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2017 में रानी कपूर को स्ट्रोक आया था. इस दौरान वह शारीरिक रूप से कमजोर और दूसरों पर निर्भर थीं. इसी स्थिति का फायदा उठाकर उनके बेटे संजय कपूर और उनकी तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने कथित रूप से यह पूरा प्लान तैयार किया. रिपोर्ट के अनुसार, उनकी जानकारी के बिना उनकी सारी संपत्ति को आरके फैमिली ट्रस्ट में ट्रांसफर कर दिया गया. रानी कपूर का कहना है कि उन्हें इस पूरे लेन देन की जानकारी अपने बेटे की मृत्यु के बाद मिली.

संजय कपूर की मौत के बाद सामने आया मामला

कोर्ट में दायर सूट में यह भी उल्लेख किया गया है कि संजय कपूर का निधन 12 जून 2025 को कथित रूप से रहस्यमय परिस्थितियों में हुआ था. उनके निधन के बाद जो घटनाक्रम सामने आए, उनसे रानी कपूर को कथित धोखाधड़ी की पूरी तस्वीर समझ में आई. रानी कपूर का आरोप है कि प्रिया कपूर सहित अन्य प्रतिवादियों ने संजय कपूर के साथ मिलकर अवैध लेन देन का एक जटिल जाल तैयार किया, जिससे उनकी सारी संपत्ति ट्रस्ट के नाम कर दी गई.