मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार रणबीर कपूर अपनी आगामी मेगा फिल्म रामायण को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. फिल्म के प्रमोशनल इवेंट में रणबीर ने अपनी सीता यानी साई पल्लवी की खुलकर तारीफ की और कहा कि उनके लिए सीता का रोल कोई और नहीं निभा सकती थी.
लॉस एंजेलिस में फिल्म के पहले टीजर और ग्लिम्प्स दिखाए जाने के बाद रणबीर, निर्देशक नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा न्यूयॉर्क पहुंचे. यहां एक स्पेशल स्क्रीनिंग इवेंट में रणबीर ने साई पल्लवी के बारे में बात की.
रणबीर ने कहा- 'हम सभी जानते हैं कि साई एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं. उन्होंने अब तक बहुत कुछ हासिल किया है. फिल्म की पहली दिन की शूटिंग याद है, जब मैंने उन्हें सीता के रूप में देखा तो मैंने बस नितेश सर की तरफ देखा और हम दोनों को तुरंत समझ आ गया कि हम उनके लिए कोई बेहतर कास्टिंग नहीं कर सकते थे.'
रणबीर ने साई की एक्टिंग, उनकी नेचुरल परफॉर्मेंस और स्क्रीन पर उनके आने से बनने वाले इमोशनल कनेक्शन की खास तारीफ की. उन्होंने कहा कि साई पल्लवी सीता माता के किरदार के लिए परफेक्ट चॉइस साबित हुई हैं. रणबीर ने रावण का रोल निभा रहे यश की भी तारीफ की. उन्होंने कहा- 'यश के पास जो स्टारडम है, वह रावण जैसे किरदार के लिए बहुत जरूरी है. उन्हें स्क्रीन पर वो आभा और प्रेजेंस चाहिए होती है जो यश में है.'
फिल्म 'रामायण' को दो पार्ट्स में बनाया जा रहा है. इसका कुल बजट 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शुमार करता है. पार्ट वन अक्टूबर 2026 में और पार्ट टू 2027 में रिलीज होगी. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का रोल निभा रहे हैं.
नितेश तिवारी इस भव्य प्रोजेक्ट के डायरेक्टर हैं. रणबीर की ये तारीफ साई पल्लवी के फैंस को खास तौर पर खुश कर रही है. साई पल्लवी साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री हैं और अपनी नेचुरल एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं. रामायण में उनका सीता का लुक और परफॉर्मेंस को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है. फिल्म के टीजर रिलीज होने के बाद से ही विजुअल्स, ग्राफिक्स और कलाकारों के लुक को लेकर लोगों में भारी उत्साह है. रणबीर और साई पल्लवी की केमिस्ट्री को लेकर भी फैंस काफी एक्साइटेड हैं.
रणबीर कपूर की आखिरी फिल्म एनिमल (2023) रही थी, जो सुपरहिट साबित हुई थी. अब सभी की नजरें उनकी इस भव्य माइथोलॉजिकल फिल्म पर टिकी हुई हैं. रामायण दो पार्ट्स में आने वाली इस फिल्म से बॉलीवुड को बहुत बड़ी उम्मीदें हैं.