रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' के सेट पर दुखद हादसा, 28 साल के क्रू मेंबर की बिजली के झटके लगने से मौत
सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म 'जेलर 2' के सेट पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. शूटिंग की तैयारियों के दौरान 28 वर्षीय क्रू मेंबर की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई. इस घटना ने पूरे फिल्म जगत को सदमे में डाल दिया है.
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म 'जेलर 2' के सेट पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. शूटिंग की तैयारियों के दौरान 28 वर्षीय क्रू मेंबर की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई. इस घटना ने पूरे फिल्म जगत को सदमे में डाल दिया है.
'जेलर 2' के सेट पर दुखद हादसा
मृतक की पहचान कार्तिकेयन के रूप में हुई है. वह फिल्म के आर्ट डिपार्टमेंट में काम कर रहे थे. पुलिस के अनुसार यह हादसा गुरुवार 14 मई को चेन्नई के पनैयूर इलाके में एक प्राइवेट फिल्म स्टूडियो में हुआ. कार्तिकेयन सेट पर एक घर जैसी संरचना खड़ी करने का काम कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें बिजली का झटका लग गया.
क्रू मेंबर की बिजली के झटके लगने से मौत
प्राथमिक जांच में पता चला है कि शायद बिजली का लीकेज या किसी तार में गड़बड़ी के कारण यह दुर्घटना हुई. 'जेलर 2' में रजनीकांत लीड रोल में हैं और फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं. पहली फिल्म 'जेलर' ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था और दूसरे भाग को लेकर भी जबरदस्त उत्साह है. लेकिन इस हादसे ने फिल्म की तैयारियों पर शोक की छाया कर दी है.
जांच में जुटी पुलिस
फिल्म इंडस्ट्री में सेट पर सुरक्षा को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं. भारी लाइटें, मशीनरी, ऊंचे सेट और बिजली के उपकरणों के साथ काम करते समय छोटी-छोटी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. कार्तिकेयन जैसे युवा क्रू मेंबर की मौत ने एक बार फिर इस मुद्दे को उठा दिया है कि सेट पर सुरक्षा मानकों का कितना सख्ती से पालन किया जा रहा है.
रजनीकांत और पूरी टीम इस घटना से बेहद दुखी हैं. फिल्म यूनिट ने शूटिंग रोक दी है और मृतक के परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने का भरोसा दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना की सही वजह पता करने के लिए पूरी छानबीन की जाएगी. कार्तिकेयन परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनकी अचानक मौत से पूरा परिवार टूट गया है.