Alka Yagnik Receiving Padma Bhushan: राष्ट्रपति भवन में आज एक खास समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें सिनेमा जगत के दिग्गज कलाकारों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा गया. बॉलीवुड की मशहूर गायिका अलका याग्निक और साउथ के सुपरस्टार ममूटी को पद्म भूषण पुरस्कार मिला, जबकि लोकप्रिय अभिनेता आर. माधवन को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन सभी कलाकारों को सम्मान प्रदान किया. समारोह में अलका याग्निक और ममूटी का चेहरा खुशी से चमक रहा था. दोनों ही कलाकार भावुक नजर आए. अलका याग्निक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरण स्पर्श किए और हाथ जोड़कर अभिवादन किया. यह पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
#WATCH | Delhi | Eminent playback singer Alka Yagnik conferred with Padma Bhushan by President Droupadi Murmu
— ANI (@ANI) June 23, 2026
(Video source: Rashtrapati Bhavan) pic.twitter.com/ui2U9koEMy
अलका याग्निक को संगीत क्षेत्र में उनके लंबे और उम्दा योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया. 80 के दशक में अपने करियर की शुरुआत करने वाली अलका आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे पसंदीदा आवाज बनी हुई हैं. उन्होंने हजारों गाने गाए हैं, जो अलग-अलग भाषाओं में लोकप्रिय हुए. 'एक दो तीन', परदेसी-परदेसी, ओढ़नी, 'चोली के पीछे' जैसे सुपरहिट गानों से लेकर रोमांटिक और भावुक गीतों तक, अलका की आवाज ने कई पीढ़ियों को झूमाया है. चार दशकों से ज्यादा के सफर में उन्होंने कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं.
#WATCH | Delhi | Malayalam cinema legend Mammootty awarded the Padma Bhushan by President Droupadi Murmu
— ANI (@ANI) June 23, 2026
(Video source: Rashtrapati Bhavan) pic.twitter.com/XXCPOyG4pS
मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी को भी पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया. उन्होंने मलयालम फिल्मों को देश और दुनिया के नक्शे पर पहचान दिलाई है. अपने शानदार अभिनय और किरदारों के जरिए उन्होंने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है. दक्षिण भारतीय सिनेमा में उनका नाम बहुत बड़ा है और यह सम्मान उनके लंबे संघर्ष और सफलता का प्रतीक माना जा रहा है.
#WATCH | Delhi | Actor R Madhavan conferred with the Padma Shri by President Droupadi Murmu
— ANI (@ANI) June 23, 2026
(Video source: Rashtrapati Bhavan) pic.twitter.com/HyhHeHiB9e
आर माधवन को पद्म श्री
आर. माधवन को पद्म श्री पुरस्कार मिला है. 'रंग दे बसंती', '3 इडियट्स', तनु वेड्स मनु जैसी फिल्मों में उनके शानदार काम को देश भर में सराहा गया है. माधवन टीवी, फिल्म और वेब सीरीज में एक जैसे आराम से छाए रहते हैं. उनका यह सम्मान उनके बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है. यह पुरस्कार न सिर्फ इन कलाकारों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा और संगीत जगत के लिए गौरव की बात है.
आधिकारिक जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति ने 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए, जिनमें दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं. सम्मानित होने वालों में क्रिकेटर रोहित शर्मा, पार्श्व गायिका अलका याग्निक, अभिनेता ममूटी, अभिनेता आर. माधवन और टेनिस के दिग्गज विजय अमृतराज शामिल है.