पीक करियर पर बॉलीवुड से दूरी बनाकर क्यों हॉलीवुड भाग गई थी प्रियंका चोपड़ा? किसके कहने पर लिया था इतना बड़ा फैसला?

प्रियंका चोपड़ा ने खुलासा किया कि 30 की उम्र में हॉलीवुड में नई शुरुआत करना उनके लिए बेहद डरावना था. उन्होंने माना कि उस समय वह भारत में सफल थीं, लेकिन फिर भी सब कुछ दांव पर लगाकर वेस्ट का रुख किया.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा आज दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुकी हैं, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने उस दौर को याद किया जब उन्होंने 30 की उम्र में हॉलीवुड में नई शुरुआत करने का फैसला किया था. प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि उस समय वह भारत में अपनी पीक पर थीं. वह आर्थिक रूप से सुरक्षित थीं, लगातार हिट फिल्में दे रही थीं और इंडस्ट्री में मजबूत पहचान बना चुकी थीं. इसके बावजूद उन्होंने सब कुछ छोड़कर वेस्ट में अपनी किस्मत आजमाने का जोखिम उठाया.

प्रियंका ने कहा कि 30 की उम्र में करियर दोबारा शुरू करना डरावना होता है. उन्होंने माना कि वह सुरक्षित थीं और अच्छा कमा रही थीं, लेकिन फिर भी उन्होंने उस स्थिरता को तोड़ने का फैसला किया. मैरी कॉम, बाजीराव मस्तानी और दिल धड़कने दो जैसी फिल्मों की सफलता के बाद उन्होंने 2015 के आसपास अमेरिका का रुख किया. उस समय वह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एक्ट्रेसेस में शामिल थीं.

करियर के पीक पर हॉलीवुड में की एंट्री

हॉलीवुड में कदम रखते ही उन्हें नई चुनौतियों का सामना करना पड़ा. प्रियंका ने बताया कि जब वह मीटिंग के लिए किसी कमरे में जाती थीं तो लोगों की पहले से बनी राय महसूस होती थी. कई बार उन्हें यह सुनना पड़ता था कि वह इंग्लिश अच्छी बोलती हैं, जैसे यह कोई हैरानी की बात हो. उन्होंने कहा कि वह किसी तय ढांचे में फिट नहीं होना चाहती थीं. उनका मकसद सीमाओं से परे मनोरंजन का हिस्सा बनना था, जहां अलग अलग देशों के कलाकार एक साथ काम कर सकें.

हॉलीवुड में प्रियंका चोपड़ा ने बनाई पहचान

प्रियंका ने वेस्ट में अपनी शुरुआत टीवी शो क्वांटिको से की, जहां वह लीड रोल में नजर आईं. इसके बाद उन्होंने बेवॉच और द मैट्रिक्स 4 जैसी फिल्मों में काम किया. आगे चलकर उन्होंने सिटाडेल जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में लीड भूमिका निभाई. अब वह कई इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं और ग्लोबल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं.

करीब आठ साल बाद प्रियंका भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं. वह वाराणसी नाम की पैन इंडिया फिल्म में नजर आएंगी, जिसका निर्देशन एस एस राजामौली कर रहे हैं. इस फिल्म में महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी शामिल हैं. यह फिल्म 2027 में रिलीज होने वाली है और इसे भारतीय इतिहास से जुड़ी टाइम ट्रैवल एडवेंचर बताया जा रहा है.