'वो मुझे बार-बार किस करता रहा...', मुन्नाभाई MBBS की एक्ट्रेस ने सुनाई सालों पुरानी आपबीती
एक्ट्रेस प्रिया बापट ने अपने करियर के शुरुआती दिनों की एक असहज घटना का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान एक सह कलाकार ने काम की सीमाएं लांघ दी थीं, जिससे वह परेशान हो गई थीं.
फिल्म और वेब सीरीज की दुनिया में अपनी दमदार पहचान बना चुकी एक्ट्रेस प्रिया बापट ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दौर को याद किया है. एक्ट्रेस ने अपने करियर से जुड़े एक निजी अनुभव को साझा किया है. उन्होंने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा था, जिसने उन्हें काफी असहज कर दिया था. एक इंटरव्यू में बातचीत करते हुए प्रिया ने कहा कि यह घटना उनके करियर के शुरुआती दिनों की है, जब वह इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही थीं. उस समय उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि ऐसी परिस्थितियों से कैसे निपटा जाए और अपने लिए कैसे आवाज उठाई जाए.
किसिंग सीन को लेकर पहले से थीं झिझक
प्रिया ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ते समय उन्हें एक किसिंग सीन को लेकर कई सवाल थे. उन्होंने डायरेक्टर से कई बार पूछा था कि यह सीन कहानी के लिए कितना जरूरी है और इसका फिल्म की कहानी में क्या महत्व है. उनके अनुसार उनकी झिझक किसी किसिंग सीन को करने को लेकर नहीं थी, बल्कि वह यह समझना चाहती थीं कि क्या वह सीन वास्तव में कहानी की जरूरत है. बाद में उन्होंने पेशेवर जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए उस सीन को करने के लिए सहमति दे दी.
शूटिंग के दौरान बदली स्थिति
एक्ट्रेस के अनुसार शूटिंग के दौरान स्थिति उस समय असहज हो गई जब उनके सह कलाकार ने रिहर्सल और तय योजना से अलग व्यवहार करना शुरू कर दिया. प्रिया ने बताया कि कुछ मौकों पर उन्हें महसूस हुआ कि चीजें तय सीमाओं से आगे बढ़ रही हैं. उस समय वह खुद को संभालने और स्थिति को समझने की कोशिश कर रही थीं. उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि इस बारे में कैसे रिएक्ट किया जाए. उन्होंने कहा कि उस समय अनुभव की कमी और परिस्थितियों को संभालने की समझ न होने के कारण वह अपने लिए खुलकर आवाज नहीं उठा सकीं.
कैमरा बंद होने के बाद भी बनी रही परेशानी
प्रिया ने यह भी बताया कि शूटिंग खत्म होने के बाद भी उन्हें असहजता का सामना करना पड़ा. उनके अनुसार सह कलाकार लगातार व्यक्तिगत मुलाकातों का प्रस्ताव देता रहा. उन्होंने कहा कि कई बार मना करने के बावजूद उन्हें नाश्ते या डिनर के लिए बुलाया जाता था. उस समय फिल्म की शूटिंग भोपाल में चल रही थी और कलाकार एक ही होटल में ठहरे हुए थे. इस वजह से वह खुद को काफी असहज महसूस कर रही थीं और स्थिति से दूरी बनाना उनके लिए आसान नहीं था.
और पढ़ें
- 'पेद्दी' विवाद के बीच जान्हवी कपूर के सपोर्ट में आई मेकअप आर्टिस्ट, खोली फिल्म इंडस्ट्री की पोल
- Ekta Kapoor Birthday: टीवी की शोमैन कहलाती हैं एकता कपूर, करोड़ों का आलीशान बंगला और लग्जरी गाड़ियां; कितनी अमीर हैं एकता कपूर
- दूसरी ही दिन ठप हुई वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है'! चाय पानी की खर्चा निकालना भी हुई मुश्किल